ब्रिक्स बिजनेस फोरम में ईरानी राष्ट्रपति ने आर्थिक सहयोग को ठोस रूप देने पर दिया जोर

11 Sep 2026 19:31:53
ब्रिक्स बिजनेस फॉर्म में ईरान के राष्ट्रपति


नई दिल्ली, 11 सितंबर (हि.स.)। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने ब्रिक्स देशों के बीच आर्थिक सहयोग को केवल संभावनाओं तक सीमित रखने के बजाय उसे व्यापार, निवेश और संयुक्त वित्तपोषण के ठोस नेटवर्क में बदलने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भू-राजनीतिक अनिश्चितता, आपूर्ति शृंखला में व्यवधान और आर्थिक दबावों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच ब्रिक्स की वास्तविक ताकत उसकी सामूहिक आर्थिक क्षमता को व्यावहारिक सहयोग में बदलने में है।

ब्रिक्स बिजनेस फोरम में पेजेश्कियन ने भारत सरकार और जनता का बैठक की मेजबानी के लिए आभार जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ब्रिक्स सहयोग को मजबूत करने के प्रयासों की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र, कारोबारी संस्थानों और उद्यमियों की भागीदारी से ब्रिक्स सहयोग को वास्तविक आर्थिक परिणामों में बदला जा सकता है। उनके अनुसार ब्रिक्स की ताकत केवल सदस्य देशों की अर्थव्यवस्थाओं के आकार में नहीं, बल्कि व्यापार, निवेश और संयुक्त वित्तपोषण के माध्यम से इन क्षमताओं को जोड़ने में है।

ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा ने कहा कि वैश्विक दक्षिण की अर्थव्यवस्थाओं की हिस्सेदारी पिछले कई दशकों में लगातार बढ़ी है। संरक्षणवाद, आर्थिक दबाव और एकतरफा प्रतिबंधों के दौर में उत्पादन क्षेत्रों के बीच सहयोग और अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि 1960 के दशक में विश्व सकल घरेलू उत्पाद में निम्न और मध्यम आय वाले देशों की हिस्सेदारी करीब 20 प्रतिशत थी, जो अब 50 प्रतिशत से अधिक हो गई है। ब्रिक्स देश आज वैश्विक आर्थिक उत्पादन का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा रखते हैं।

फोरम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मजबूत अंतर-ब्रिक्स व्यापार और अधिक लचीली आपूर्ति शृंखलाओं की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि 2003 में ब्रिक्स देशों का दुनिया को वस्तु निर्यात करीब 900 अरब डॉलर था, जो 2024 में लगभग छह खरब डॉलर पहुंच गया। वैश्विक निर्यात में उनकी हिस्सेदारी भी करीब 12 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 24 प्रतिशत हो गई है।

गोयल ने कहा कि फोरम में दो हजार से अधिक कारोबारी नेता और प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में गैर-टैरिफ बाधाओं, कृषि, सेवाओं, महिला नेतृत्व वाले उद्यम और डिजिटल अर्थव्यवस्था पर चर्चा हुई। ब्रिक्स बिजनेस काउंसिल ने 44 से अधिक सिफारिशों वाली वार्षिक रिपोर्ट भी तैयार की है।

उल्लेखनीय है कि फोरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा सहित अन्य ब्रिक्स नेता मौजूद रहे।

ब्रिक्स बिजनेस फोरम 2026 के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा सहित अन्य ब्रिक्स नेताओं ने सामूहिक तस्वीर खिंचवाई।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0