दिल्ली आरपीएफ ने 55 आपराधिक मामलों में वांछित शातिर अभियुक्त को किया गिरफ्तार

11 Sep 2026 14:25:53
आरपीएफ दिल्ली ने पकड़ा अपराधी की।


नई दिल्ली, 11 सितंबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की दिल्ली मंडल टीम ने यात्रियों के सामान की चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 55 आपराधिक मामलों में वांछित एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि 8 सितंबर को दिल्ली मंडल की ‘थेफ्ट ऑफ पैसेंजर बिलॉन्गिंग्स’ टीम अपराधियों के विरुद्ध अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिरला साइडिंग, सब्जी मंडी स्टेशन के पास रेलवे लाइनों पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान सौरभ उर्फ बंटी (23) पुत्र मुकेश, निवासी करोल बाग, महाराणा प्रताप कार मार्केट, दिल्ली के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके पास से आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह मोबाइल कीर्ति नगर क्षेत्र से चोरी किया था। इसके बाद आरपीएफ टीम ने तत्काल कीर्ति नगर थाना पुलिस को सूचना दी और आरोपी तथा बरामद मोबाइल फोन को सीलबंद हालत में संबंधित जांच अधिकारी को सौंप दिया।

आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि उसके विरुद्ध दिल्ली के विभिन्न थानों में कुल 55 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, झपटमारी, चोरी की संपत्ति रखने, लूट, आर्म्स एक्ट तथा आईपीसी और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले शामिल हैं।

रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार की कार्रवाई से रेलवे स्टेशनों, रेलवे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी तथा यात्रियों के सामान की चोरी की घटनाओं में कमी आएगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0