ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंचे

11 Sep 2026 16:48:53
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान शुक्रवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे।


नई दिल्ली, 11 सितंबर (हि.स.)। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। पेजेश्कियान आज शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है।

ईरानी राष्ट्रपति का नई दिल्ली हवाई अड्डे पर केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर ने स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पेजेश्कियान का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और ईरान के बीच सभ्यतागत संबंध हैं, जो जीवंत सांस्कृतिक और लोगों के बीच आपसी रिश्तों से जुड़े हैं।

जायसवाल ने कहा कि ब्रिक्स के साझेदार के रूप में भारत और ईरान साझा प्रगति और समृद्धि में योगदान देने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने पेजेश्कियान के 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचने का स्वागत किया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0