
- झांसी मंडल के सांसदों के साथ ओरछा पैलेस एवं कन्वेंशन सेंटर में उमरे के महाप्रबंधक की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
झांसी, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में झांसी मंडल के सांसदों और उनके प्रतिनिधियों के साथ शुक्रवार को ओरछा पैलेस एवं कन्वेंशन सेंटर में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेल अवसंरचना, यात्री सुविधाओं, नई ट्रेनों, ठहराव और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसदों ने मंडल में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कई सुझाव भी दिए।
महाप्रबंधक ने बताया कि झांसी मंडल ने वर्ष 2025-26 में करीब 4.58 करोड़ प्रारंभिक यात्रियों को सेवाएं दीं। यात्री आय के रूप में 1016 करोड़ और माल लदान से करीब 947.15 करोड़ रुपये की आय हुई। यात्रियों की मांग को देखते हुए 14 जोड़ी ट्रेनों को 10 स्टेशनों पर 14 नए ठहराव दिए गए। मेला, गर्मी, त्योहार और परीक्षा विशेष ट्रेनों समेत 648 विशेष ट्रिप संचालित की गईं। वंदे भारत समेत दो जोड़ी नई ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ, जबकि चार जोड़ी MEMU ट्रेनों को आठ से बढ़ाकर 12 कोच किया गया।
अवसंरचना के क्षेत्र में मंडल में 93 किलोमीटर नई रेलवे लाइन बिछाई गई। 20 ब्लॉक सेक्शनों में 157.67 किलोमीटर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग आधारित ऑटोमेटिक सिग्नलिंग शुरू की गई। 68.5 किलोमीटर में कवच प्रणाली का कमीशनिंग भी पूरा किया गया।
महाप्रबंधक ने बताया कि वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, ग्वालियर जंक्शन और खजुराहो को स्टेशन रीडेवलपमेंट योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल 16 स्टेशनों में छह का काम पूरा हो चुका है।
बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने ललितपुर स्टेशन का विकास जल्द पूरा कराने, बरुआसागर में बुंदेलखंड एक्सप्रेस का ठहराव, फाटक संख्या 367, 369 और 341 के कार्य शीघ्र कराने तथा लखनऊ इंटरसिटी को ललितपुर तक विस्तारित करने का सुझाव दिया। उन्होंने बीडा को रेल नेटवर्क से जोड़ने, भोपाल-लखनऊ स्लीपर वंदे भारत और पर्यटन के लिए बुंदेलखंड सर्किट ट्रेन चलाने की मांग रखी।
भिंड-दतिया सांसद संध्या राय ने बसई में उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव और भिंड को नई दिल्ली से जोड़ने की मांग की। उरई-जालौन सांसद नारायण दास अहिरवार ने उरई-नई दिल्ली ट्रेन और कोंच-कानपुर सीधी रेल सेवा का सुझाव दिया। मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने गोवा एक्सप्रेस व गतिमान के मुरैना ठहराव और ग्वालियर-श्योपुर आमान परिवर्तन शीघ्र पूरा करने की मांग रखी। बांदा सांसद कृष्णा देवी शिवशंकर पटेल ने अतर्रा स्टेशन के विकास और चित्रकूटधाम कर्वी-रामेश्वरम नई ट्रेन का सुझाव दिया। राज्यसभा सांसद महेश केवट ने ओरछा में गतिमान और ताज एक्सप्रेस के संचालन की मांग रखी।
रेल प्रशासन ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में डीआरएम अनिरुद्ध कुमार सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया