मोदी-पुतिन वार्ता में पश्चिम एशिया व काला सागर के संघर्षों समेत कई मुद्दों पर चर्चा

11 Sep 2026 17:52:53
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को मुलाकात के दौरान


नई दिल्ली, 11 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले शुक्रवार को यहां भारत मंडपम में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की और भारत-रूस विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, अंतरिक्ष और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों सहित सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा की। बातचीत में पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र के संघर्षों सहित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दे भी प्रमुखता से उठे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पोस्ट में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक चर्चा की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा की और उन क्षेत्रों पर विचार किया, जो दोनों देशों के दीर्घकालिक संबंधों के लिए महत्वपूर्ण हैं।

बैठक में व्यापार, ऊर्जा, रक्षा और अंतरिक्ष सहयोग के साथ लोगों के बीच संपर्क को भी प्रमुख क्षेत्र के रूप में रेखांकित किया गया। दोनों पक्षों ने इन क्षेत्रों में जारी सहयोग को और आगे बढ़ाने के उपायों पर विचार किया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, मोदी और पुतिन ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। इनमें पश्चिम एशिया और कालासागर क्षेत्र में जारी संघर्ष शामिल हैं।

मोदी ने दोहराया कि संघर्षों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति ही आगे बढ़ने का रास्ता है। उन्होंने कहा कि भारत शांति स्थापित करने के प्रयासों में सहायता के लिए तैयार है।

प्रधानमंत्री और रूसी राष्ट्रपति की यह बैठक भारत की मेजबानी में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर हुई। भारत इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है और सम्मेलन के माध्यम से लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और टिकाऊ विकास पर जोर दे रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0