पाकिस्तानी सिख श्रद्धालुओं को फैसलाबाद एयरपोर्ट पर रोकना धार्मिक भावनाओं व आस्था पर सीधा प्रहार : सिरसा

11 Sep 2026 15:14:53
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा  (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 11 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने श्री हेमकुंड साहिब की पवित्र यात्रा पर आ रहे पाकिस्तानी सिख श्रद्धालुओं को फैसलाबाद एयरपोर्ट पर रोके जाने को धार्मिक भावनाओं और आस्था पर सीधा प्रहार बताया है।

सिरसा ने शुक्रवार को एक्स पोस्ट में कहा कि पाकिस्तानी सिख श्रद्धालुओं को फैसलाबाद एयरपोर्ट पर एनओसी के नाम पर उनके सफर में रोड़े अटकाना, वहां की पाकिस्तान सरकार की घिनौनी मानसिकता और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों का एक और शर्मनाक सबूत है। अपने गुरु के दरबार में माथा टेकने जा रहे श्रद्धालुओं को रोकना सीधे तौर पर उनकी धार्मिक भावनाओं और आस्था पर सीधा प्रहार है।

सिरसा ने कहा कि पाकिस्तान सरकार की यह फितरत साफ दिखाती है कि वह नहीं चाहती कि सिख श्रद्धालु अपने गुरु के चरणों में पहुंचकर अरदास कर सकें। ऐसी ओछी हरकतों से वह हमारी आस्था को नहीं डिगा सकती। पाकिस्तान सरकार तुरंत अपनी इस घटिया हरकत के लिए माफी मांगे और बिना किसी देरी के सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित भारत आने की अनुमति दे, ताकि वे श्री हेमकुंड साहिब में हाजिरी लगाकर मत्था टेक सकें। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान याद रखे - धर्म की राह पर दीवारें खड़ी करने से आस्था नहीं रुकती। खालसा पंथ और सिख संगत इस अन्याय को कभी नहीं भूलेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Powered By Sangraha 9.0