बीसीसीआई ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हेड-स्पोर्ट्स साइंस एंड मेडिसिन पद के लिए मांगे आवेदन

11 Sep 2026 18:40:53
बीसीसीआई लोगो


नई दिल्ली, 11 सितंबर (हि.स.)।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हेड–स्पोर्ट्स साइंस एंड मेडिसिन पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस पद पर चयनित उम्मीदवार बीसीसीआई की एलीट क्रिकेट और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से जुड़ी खेल विज्ञान एवं चिकित्सा सेवाओं को रणनीतिक और परिचालन नेतृत्व प्रदान करेगा।

इस पद की जिम्मेदारी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के हेड ऑफ फिजियोथेरेपी, भारतीय टीम के हेड ऑफ फिजियोथेरेपी, हेड स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग तथा भारतीय टीम की स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग टीम का नेतृत्व करना भी शामिल होगा। चयनित उम्मीदवार राष्ट्रीय और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रशिक्षकों, क्रिकेट शिक्षा विभाग तथा अन्य प्रदर्शन विशेषज्ञों के साथ मिलकर भारतीय खिलाड़ियों के लिए एकीकृत सहायता कार्यक्रम तैयार करेगा।

बीसीसीआई के अनुसार, इस पद पर खिलाड़ी कल्याण, चोट की रोकथाम और पुनर्वास, शारीरिक विकास, शोध, नवाचार तथा प्रासंगिक तकनीक और सेवाओं को अपनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

हेड–स्पोर्ट्स साइंस एंड मेडिसिन की प्रमुख जिम्मेदारियों में खेल विज्ञान एवं चिकित्सा विभाग के लिए रणनीतिक दृष्टिकोण और ढांचा तैयार करना, चिकित्सा एवं क्लिनिकल व्यवस्था की निगरानी, सेवा वितरण, जोखिम प्रबंधन और खिलाड़ी कल्याण सुनिश्चित करना शामिल है। इसके अलावा चोट की रोकथाम, खिलाड़ियों की रिकवरी और पुनर्वास, बीमारी एवं स्वास्थ्य प्रबंधन तथा दीर्घकालिक शारीरिक विकास से जुड़े कार्यक्रमों की निगरानी करनी होगी।

उम्मीदवार को प्रदर्शन के मानकों, गुणवत्ता प्रबंधन, शोध और नवाचार को बढ़ावा देना होगा। इसमें विभाग की शोध इकाई विकसित करना और प्रमुख खेल एवं चिकित्सा संस्थानों के साथ साझेदारी करना भी शामिल है। विभाग की योजना, बजट, प्रदर्शन प्रबंधन और पेशेवर विकास की जिम्मेदारी भी चयनित उम्मीदवार की होगी।

योग्यता और अनुभव

आवेदक के पास स्पोर्ट्स साइंस या इससे संबंधित विषय में मास्टर डिग्री होनी चाहिए, जबकि डॉक्टरेट की डिग्री को प्राथमिकता दी जाएगी। उम्मीदवार के पास बहु-विषयक प्रदर्शन टीमों के प्रबंधन और रणनीतिक नेतृत्व की भूमिका में कम से कम पांच वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

उम्मीदवार को पेशेवर या ओलंपिक खेलों में उच्च प्रदर्शन वाली टीमों के लिए स्पोर्ट्स साइंस या मेडिसिन से संबंधित रणनीतिक योजनाएं तैयार करने और उन्हें लागू करने का व्यापक अनुभव होना चाहिए। संबंधित खेल विज्ञान या चिकित्सा क्षेत्र में वर्तमान पेशेवर मान्यता या लाइसेंस भी आवश्यक है।

प्रदर्शन आधारित शोध, खिलाड़ियों के दीर्घकालिक शारीरिक विकास तथा क्षेत्रीय प्रदर्शन और खेल संस्थानों के साथ काम करने का अनुभव वांछनीय माना गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी या मेडिकल निदेशक के रूप में पूर्व अनुभव, स्पोर्ट्स एंड एक्सरसाइज मेडिसिन में विशेषज्ञ मान्यता तथा मेडिकल और क्लिनिकल गवर्नेंस का अनुभव अतिरिक्त योग्यता के रूप में माना जाएगा।

इस पद के लिए एक रिक्ति है और आयु सीमा 60 वर्ष से कम रखी गई है। चयनित उम्मीदवार को बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कार्य करना होगा और वह हेड ऑफ क्रिकेट–सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को रिपोर्ट करेगा।

इच्छुक उम्मीदवार 30 सितंबर को शाम 5 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया और विस्तृत जॉब डिस्क्रिप्शन बीसीसीआई द्वारा जारी आधिकारिक सूचना में उपलब्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0