डब्ल्यूएसपीएस विश्व चैंपियनशिप: सृष्टि अरोड़ा और मनीष नरवाल ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम में जीता कांस्य

11 Sep 2026 14:55:53
मनीष नरवाल


चांगवोन, 11 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जोड़ी सृष्टि अरोड़ा और पेरिस पैरालंपिक के पदक विजेता मनीष नरवाल ने शुक्रवार को चांगवोन में चल रही डब्ल्यूएसपीएस विश्व चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा का कांस्य पदक जीत लिया।

फाइनल में सृष्टि ने 195.3 अंक का स्कोर किया, जबकि मनीष ने 208.7 अंक हासिल किए। भारतीय जोड़ी का कुल स्कोर 404.0 रहा और उसने तीसरा स्थान हासिल किया।

चीन की डांग युहोंग और हुआंग शिंग की जोड़ी ने 472.1 अंक के संयुक्त विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। दक्षिण कोरिया की मून एइक्युंग और जो जियोंगदू ने 466.0 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

इससे पहले सृष्टि और मनीष ने क्वालीफिकेशन में कुल 565 अंक हासिल कर फाइनल में जगह बनाई थी। सृष्टि ने 279 अंक, जबकि मनीष ने 286 अंक का योगदान दिया।

एक अन्य भारतीय जोड़ी भक्ति शर्मा और रुद्रांश खंडेलवाल क्वालीफिकेशन में 557 अंक के साथ 10वें स्थान पर रही और फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0