मोदी ने ब्रिक्स देशों के समक्ष नाविक आपातकालीन सहायता नेटवर्क बनाने का रखा प्रस्ताव

12 Sep 2026 19:58:53
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को संबोधित करे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी


नई दिल्ली, 12 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान नाविकों की सुरक्षा के लिए ब्रिक्स के सदस्य देशों के बीच 'नाविक आपातकालीन सहायता नेटवर्क' बनाने का प्रस्ताव रखा है।

भारत की अध्यक्षता में आयोजित शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने ब्रिक्स देशों से समुद्री यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए समुद्री सुरक्षा नेटवर्क बनाने की बात कही। उन्होंने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रूस, चीन और ईरान जैसे 11 ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच एक नाविक नेटवर्क का प्रस्ताव रखा।

उन्होंने कहा कि समुद्री यात्री वैश्विक व्यापार में बहुत बड़ा योगदान देते हैं, फिर भी मुश्किल समय में उन्हें अक्सर जरूरी मदद नहीं मिल पाती। उनका प्रस्ताव है कि समुद्री आपातकालीन सहायता नेटवर्क बनाया जाए।

मोदी ने कहा कि समुद्री यात्री वैश्विक व्यापार में बहुत बड़ा योगदान देते हैं, फिर भी मुश्किल समय में उन्हें अक्सर जरूरी मदद नहीं मिल पाती। मेरा प्रस्ताव है कि हम समुद्री आपातकालीन सहायता नेटवर्क बनाएं, ताकि इससे संबंधित देशों के समुद्री अधिकारियों और राजनयिक मिशनों के बीच संपर्क बनेगा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इससे संकट के समय पर अलर्ट, मेडिकल मदद, परिवार को सूचना देने और लोगों को सुरक्षित निकालने में आसानी होगी।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और कई अन्य नेता नई दिल्ली के भारत मंडपम में दो दिवसीय बिक्स शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स के 20 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में दो डाक टिकट जारी किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0