खटीक समाज का वैदिक काल से राष्ट्र रक्षा और धर्म के प्रति महत्वपूर्ण योगदान : राजनाथ सिंह

13 Sep 2026 16:57:53
खटीक समाज की गर्जना सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह


-आगरा में अखिल भारतीय खटीक समाज के 'खटीक गर्जना सम्मेलन' का आयाेजन

आगरा, 13 सितंबर (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को आगरा के खंदारी स्थित राव कृष्ण पाल सिंह सभागार में आयोजित अखिल भारतीय खटीक समाज के ‘खटीक गर्जना सम्मेलन’ को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने खटीक समाज की वीरता, साहस और धर्मपरायणता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस समाज ने वैदिक काल से ही राष्ट्र और धर्म की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। धर्म के प्रति समर्पित रहने के साथ-साथ देश की रक्षा के लिए भी समाज हमेशा आगे रहा है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि समाज को जाति के चश्मे से देखने वाले लोग उसकी मूल भावना को नहीं समझ सकते। कर्तव्य भले अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन लक्ष्य राष्ट्र रक्षा का ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि खटीक समाज की पहचान साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण से रही है।

खटीक समाज के इतिहास का पुनर्लेखन जरूरी

रक्षा मंत्री ने कहा कि इतिहास में खटीक समाज के योगदान को उचित स्थान नहीं मिला। इतिहासकारों ने या तो समाज का इतिहास लिखा नहीं या उसके योगदान को सही तरीके से प्रस्तुत नहीं किया। अब खटीक समाज के इतिहास के पुनर्लेखन की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि देश को विदेशी आक्रमणकारियों से बचाने में खटीक समाज के लोगों ने अग्रणी भूमिका निभाई। आजादी से पहले अंग्रेजों का भी समाज के लोगों ने बहादुरी से मुकाबला किया और स्वतंत्रता आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आजादी के बाद भी धर्म और राष्ट्र की रक्षा के कार्यों में समाज लगातार अपनी भूमिका निभाता रहा है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि खटीक वह है जो खौफ को भी डरा दे।

उत्तर प्रदेश में तेजी से हो रहा विकास

रक्षा मंत्री ने उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी समाज शिक्षा से वंचित न रहे। भाजपा सरकार में साक्षरता और शिक्षा के विस्तार के साथ विकास कार्यों को भी गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों का तेजी से निर्माण हो रहा है। शहरों से लेकर गांवों तक सड़क संपर्क मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी सराहना की।

सम्मेलन में अखिल भारतीय खटीक समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उज्जैन के सांसद अनिल फिरेंजिया, बुलंदशहर के सांसद डॉ. भोला सिंह, टूंडला के पूर्व विधायक शिव सिंह चक, भाजपा नेता ओमप्रकाश चलनी सहित समाज और भाजपा के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विवेक उपाध्याय

Powered By Sangraha 9.0