बांग्लादेश में सड़क हादसा, चार की मौत, आठ घायल

13 Sep 2026 13:15:53
यह हादसा रविवार तड़के चटगांव-कॉक्स बाजार हाइवे पर करनाफुली के कॉलेज बाजार इलाके में हुआ। फोटो - ढाका ट्रिब्यून


ढाका, 13 सितंबर (हि.स.)। बांग्लादेश के चटगांव के करनाफुली में एक शादी समारोह से घर लौटते समय एक वैन और मिनी बस की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। दो लोगों की घटनास्थल पर और दो की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार यह हादसा रविवार तड़के करीब दो बजे चटगांव-कॉक्स बाजार हाइवे पर करनाफुली के कॉलेज बाजार इलाके में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन शाह अमानत पुल पार करने के बाद तेज गति से यू-टर्न ले रही थी, तभी वह विपरीत दिशा से आ रही मिनी बस से टकरा गई। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार रात चटगांव शहर के अग्रबाद में एक कम्युनिटी सेंटर में मिमताह की बड़ी बहन की शादी हुई थी। समारोह के बाद परिवार के कई सदस्य और रिश्तेदार मिनी बस से कॉक्स बाजार के ईदगाह लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

मरने वालों की पहचान नियाज मोर्शेड (22), उनकी छोटी बहन मिमताह (17), उनके मामा मो. फिरदौस आलम (55) और मिनी बस ड्राइवर मो. मुन्ना के तौर पर हुई है। चारों कॉक्स बाजार के ईदगाह इलाके के रहने वाले हैं। घायलों में से सात लोगों को चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। करनाफुली थाना प्रभारी नूर अहमद ने बताया कि हादसे के बाद वैन को ज़ब्त कर लिया गया है, लेकिन उसका ड्राइवर और सहायक घटनास्थल से भाग गए।

------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0