
नई दिल्ली, 13 सितंबर (हि.स.)। अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक लगभग दो साल बाद एक बार फिर अपनी राष्ट्रीय टीम की जर्सी में नजर आने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। भारत के खिलाफ होने वाली टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए वह टीम का हिस्सा हैं। लगातार चोटों के कारण करीब दो साल तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद नवीन अब मैदान पर उतरने के लिए पहले से कहीं अधिक तैयार और फिट महसूस कर रहे हैं।
आईसीसी के अनुसार क्रिकइन्फो से अपनी चोट और रिहैब के मुश्किल दिनों के बारे में बात करते हुए नवीन ने कहा कि रिहैब का समय बहुत अकेलापन और मानसिक रूप से कठिन होता है। मेरे कंधे का स्ट्रेस फ्रैक्चर तो 8 से 10 हफ्तों में ठीक हो गया था, लेकिन इसके बाद मुझे लेब्रम रिपेयर के लिए दूसरी सर्जरी करानी पड़ी। उन्होंने आगे बताया कि यूके में रिहैब के पहले छह हफ्तों के दौरान मेरी हालत ऐसी थी कि मुझे बैठकर ही सोना पड़ता था।
नवीन को इसी साल हुए आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 की टीम में चुना गया था, लेकिन दाएं कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। 26 वर्षीय नवीन-उल-हक को डेथ ओवरों (आखिरी ओवरों) का विशेषज्ञ माना जाता है। साल 2024 के टी-20 विश्व कप में अफगानिस्तान को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में उनकी बड़ी भूमिका थी। उन्होंने उस टूर्नामेंट में 12.30 की औसत और 6.00 की इकॉनमी से 13 विकेट चटकाए थे।
चोट के कारण बाहर रहने के दौरान अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अफगानिस्तान के 'डबल सुपर-ओवर' मैच को देखने के अनुभव पर उन्होंने कहा, वह मैच देखना बेहद दर्दनाक था। मुझे लग रहा था कि अगर मैं वहां टीम के लिए होता, तो शायद डेथ ओवरों में कुछ अलग कर सकता था।
नवीन ने इस बात पर भी जोर दिया कि मौजूदा अफगान टीम के खिलाड़ी 2018 के अंडर-19 दिनों से एक साथ खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पीढ़ी में आपको 9 या 10 ऐसे खिलाड़ी दिखेंगे जो 2018 से साथ हैं। रहमानुल्लाह गुरबाज, अजमतुल्लाह उमरजई और मुजीब-उर-रहमान जैसे खिलाड़ी मेरे उसी दौर के साथी हैं।
26 साल की उम्र में पूरी तरह फिट होकर लौट रहे नवीन अब ज्यादा से ज्यादा क्रिकेट खेलना चाहते हैं। उन्होंने कहा, एक तेज गेंदबाज का रूटीन काफी कठिन होता है, लेकिन हमें जितना हो सके उतना क्रिकेट खेलना चाहिए। एक दिन यह सब खत्म हो जाएगा और हम एक क्रिकेटर के रूप में मैदान के उस दबाव और माहौल को बहुत मिस करेंगे।
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज आज से शुरू हो रही। पहला मैच आज शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह