महिला जूनियर एशिया कप में शिलीमा चानू और कृष्णा शर्मा ने बढ़ाया प्रदेश का मान

13 Sep 2026 23:51:53
एशिया कप-2026 विजेता भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम


- शिलीमा ने संभाली भारतीय टीम की कप्तानी, कृष्णा ने भी किया प्रभावी प्रदर्शन

भोपाल, 13 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों खैदेम शिलीमा चानू और कृष्णा शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

चीन में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में दोनों खिलाड़ियों ने भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम ने रविवार हुए फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया और इस उपलब्धि के साथ लगातार तीसरी बार एशिया की चैंपियन बनी। इधर, भारतीय जूनियर पुरुष टीम ने भी फाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर पुरुष जूनियर एशिया कप 2026 का खिताब जीता।

फाइनल में चीन को 1-0 से दी शिकस्त, भारत ने रचा इतिहास

रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान चीन को कड़े और रोमांचक मुकाबले में 1-0 से पराजित किया। मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही संयम और अनुशासन के साथ खेलते हुए मजबूत रक्षात्मक प्रदर्शन किया। 17वें मिनट में मिले अवसर को गोल में तब्दील कर भारत ने बढ़त हासिल की, जिसे टीम ने मैच के अंत तक कायम रखा। चीन ने दूसरे हाफ में बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने शानदार तालमेल और सतर्कता का परिचय देते हुए मेजबान टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। अंतिम सीटी बजने तक भारत ने 1-0 की बढ़त बरकरार रखी और खिताब अपने नाम कर लिया।

शिलीमा चानू ने संभाली भारतीय टीम की कप्तानी

मध्य प्रदेश के लिए इस ऐतिहासिक उपलब्धि की विशेष बात यह रही कि खैदेम शिलीमा चानू ने भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की कप्तानी की। मिडफील्ड में जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने टीम का नेतृत्व किया और पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम की मजबूत मौजूदगी में योगदान दिया। शिलीमा की कप्तानी में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित और प्रभावी प्रदर्शन किया तथा फाइनल में मेजबान टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया।

कृष्णा शर्मा ने गोल कर टीम की जीत में दिया योगदान

मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की कृष्णा शर्मा ने भी टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। जापान के खिलाफ भारत की 7-0 की शानदार जीत में कृष्णा शर्मा ने पांचवें मिनट में गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने 48वें मिनट में फील्ड गोल कर टीम के शानदार प्रदर्शन में योगदान दिया। उनके इस प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश की हॉकी प्रतिभा की मजबूत मौजूदगी को दर्शाया।

पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा भारत

भारतीय टीम का महिला जूनियर एशिया कप-2026 में शानदार प्रदर्शन रहा। एलीट पूल चरण में भारत ने तीन मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि चीन के खिलाफ मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया को 5-1 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद खिताबी मुकाबले में चीन को 1-0 से हराकर भारत ने टूर्नामेंट में अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए लगातार तीसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा किया।

लगातार तीसरी बार भारत बना एशिया का चैंपियन

भारत ने महिला जूनियर एशिया कप में 2023 और 2024 के बाद 2026 में भी खिताब अपने नाम किया। इस तरह भारतीय टीम ने प्रतियोगिता में लगातार तीन खिताब जीतने की उपलब्धि हासिल की। खिताबी जीत के साथ भारत ने एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

मध्य प्रदेश की खेल प्रतिभाओं ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव

महिला जूनियर एशिया कप में शिलीमा चानू और कृष्णा शर्मा की मौजूदगी और प्रदर्शन मध्य प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए गौरव का विषय है। दोनों खिलाड़ियों ने मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और भारतीय टीम की खिताबी सफलता में योगदान दिया। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि प्रदेश में हॉकी के लिए तैयार किए जा रहे उत्कृष्ट खेल वातावरण, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उनकी सफलता प्रदेश की उभरती महिला हॉकी प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी है।

खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम की खिताबी जीत पर खैदेम शिलीमा चानू और कृष्णा शर्मा सहित पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने शिलीमा चानू के नेतृत्व और कृष्णा शर्मा के प्रभावी प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियों की यह उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। मंत्री सारंग ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी इसी तरह अपने प्रदर्शन से मध्य प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0