
काठमांडू, 13 सितंबर (हि.स.)। नेपाल की चिलिमे जलविद्युत परियोजना के भूमिगत पावर हाउस तक पहुंचने के लिए सुरंग के भीतर जमा मलबा और कीचड़ हटाने का काम लगातार जारी है। मौजूदा गति से काम जारी रहा, तो पावर हाउस तक पहुंचने में कम से कम तीन दिन और लग सकते हैं।
बचाव अभियान में शामिल सुरंग विशेषज्ञ एवं सांसद श्रीराम न्यौपाने के अनुसार शनिवार सुबह 6 बजे से एक्स्काभेटर और व्हील लोडर की मदद से सुरंग के अंदर जमा कीचड़ और मलबा हटाने का काम लगातार किया जा रहा है। उनके मुताबिक शनिवार शाम तक करीब 60 मीटर कीचड़ और मलबा हटाया जा चुका था। उन्होंने अनुमान लगाया कि अगर काम इसी गति से आगे बढ़ता रहा तो सुरंग के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने और भूमिगत पावर हाउस तक जाने के लिए अभी करीब तीन दिन और खुदाई करनी पड़ सकती है।
चिलिमे जलविद्युत परियोजना की भूमिगत संरचना में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार बचाव अभियान चलाया जा रहा है। सुरंग के भीतर भारी मात्रा में कीचड़ और मलबा जमा होने के कारण बचाव दल को आगे बढ़ने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास