
काठमांडू, 13 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से विस्थापित हुए लोगों को सरकार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने जा रही है। रविवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में भोटेकोशी बाढ़ प्रभावित परिवारों को स्थायी आवास बनने तक मकान किराए और अन्य जरूरी खर्चों के प्रबंधन के लिए आर्थिक सहायता देने का फैसला लिया गया।
संचार मंत्री विक्रम तिमिल्सिना ने बताया कि चार सदस्यों तक के परिवार को हर महीने 15 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा परिवार में प्रत्येक सदस्य के लिए 2 हजार रुपये अतिरिक्त उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। अगर कोई परिवार यह आर्थिक सहायता नहीं लेना चाहता है, तो सरकार स्थायी आवास बनने तक उसके लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था करने का विकल्प भी देगी।
मंत्री तिमिल्सिना ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि इस संबंध में आवश्यक विवरण जुटाने के लिए सभी संबंधित स्थानीय तहों में फॉर्म भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ से हुए शुरुआती नुकसान और क्षति का आकलन पूरा कर चुकी है, जबकि विस्तृत जरूरतों का मूल्यांकन अभी किया जा रहा है। इसके आधार पर जरूरी संसाधनों की व्यवस्था कर पुनर्निर्माण और पुनर्स्थापना के काम को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास