प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर देशभर में चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’: अमित शाह

13 Sep 2026 22:27:53
फोटो: केंद्रीय मंत्री अमित शाह


मुंबई, 13 सितंबर (हि.स)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मुंबई में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित किया जाएगा। ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना, ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के मंत्र और 2047 तक जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को केंद्र में रखते हुए आयोजित किए जा रहे इस अभियान में भाजपा, उसके सहयोगी दलों, एनडीए परिवार, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम लोगों की भागीदारी होगी। अमित शाह ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन है, जबकि 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार 25 वर्षों तक संवैधानिक पदों पर रहते हुए जनता की सेवा करना और बार-बार चुनावी कसौटी पर लोगों का विश्वास हासिल करना एक बड़ी उपलब्धि है। इसी को ध्यान में रखते हुए सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान को देश के हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश, जिले, लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र से लेकर बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। इसके तहत देशभर में 12 प्रमुख कार्यक्रमों के साथ बूथ, मंडल और जिला स्तर पर सैकड़ों कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी ने स्वयं को ‘प्रधान सेवक’ के रूप में प्रस्तुत किया और संवैधानिक शक्तियों का इस्तेमाल गरीबों के जीवन स्तर में सुधार, देश की आर्थिक मजबूती, सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प देश की 140 करोड़ जनता के सामने रखा है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, उनकी उपलब्धियों, लक्ष्यों और आने वाले समय के संकल्पों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

‘सेवा दिवस’ के तहत रक्तदान शिविर, दीप प्रज्वलन और नागरिकों के सम्मान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के लिए जनता की ओर से आभार व्यक्त करने के अवसर के रूप में मनाया जाएगा।

‘माई ड्रीम इंडिया’ थीम पर देशभर में पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें बच्चे, किशोर और युवा हिस्सा लेंगे। ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान बच्चों और माताओं से जुड़ी पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। ‘सेवा कथा’ कार्यक्रम में उन लोगों की वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी, जिनके जीवन में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के कारण सकारात्मक बदलाव आया है । ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य विभिन्न गांवों और क्षेत्रों को जोडऩा, प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के लिए आभार व्यक्त करना और लोगों को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से जोडऩा है। ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर के लिए 10-10 समूह बनाए जाएंगे। इन यात्राओं का उद्देश्य विभिन्न पवित्र नदियों के जल से वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव और वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक करना होगा। यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर सेवा से जुड़े 25 विषयों पर गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

‘सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत युवाओं, छात्रों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स और कॉरपोरेट इनोवेटर्स को जोडऩे के लिए पांच बड़े क्षेत्रीय नवाचार प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन संवाद’ के साथ होगा। देशभर में चार स्थानों पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में हजारों जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। अमित शाह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को याद करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सेवा और जनभागीदारी को मजबूत करते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन आंदोलन का रूप देना है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0