कीव, 13 सितंबर (हि.स.)। यूक्रेन ने दावा किया है कि रविवार को कीव से वारसॉ जा रही एक यात्री ट्रेन के इंजन को रूसी ड्रोन ने निशाना बनाया। यह हमला यूक्रेन-पोलैंड सीमा से महज करीब दो किलोमीटर दूर वोलिन क्षेत्र में हुआ। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रिय सिबिहा ने घटना को यूरोपीय संघ और नाटो की सीमा के बेहद करीब रूस की कार्रवाई बताते हुए यूरोपीय देशों से मॉस्को पर प्रतिबंध और कड़े करने की अपील की।
यूक्रेन की सरकारी रेलवे कंपनी उक्रजालिज्नित्स्या ने ट्रेन पर हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि निगरानी दल ने चालक दल को पहले ही ड्रोन के खतरे की चेतावनी दे दी थी। इसके कारण ट्रेन में सवार लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद मिली। ट्रेन में कुल 208 लोग सवार थे।
पोलिश रेलवे के अनुसार, सीमा पर करीब छह घंटे की देरी के बाद ट्रेन की यात्रा पोलैंड की ओर जारी रखी गई। पोलैंड के विदेश मंत्री रैडोस्लाव सिकोरस्की ने कहा कि इस घटना में पोलिश सीमा का उल्लंघन नहीं हुआ लेकिन इसे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से तनाव बढ़ाने वाली कार्रवाई बताया।
पोलिश अधिकारियों के अनुसार, हमले में इस्तेमाल ड्रोन जेरन-5 जेट-संचालित ड्रोन थे। रूस की ओर से घटना पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई।
यूक्रेन ने कहा कि सप्ताहांत में रेलवे ढांचे पर यह दूसरा हमला है। इससे पहले लुत्स्क और कीव के दक्षिण-पश्चिम में स्थित फास्टिव में रेलवे सुविधाओं को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया था।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय