एयर इंडिया को आव्रजन चूक के मामले में कारण बताओ नोटिस, गृह मंत्रालय ने बुलाई बैठक

युगवार्ता    14-Sep-2026
Total Views |
एयर इंडिया के विमान का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)। नागरिक उड्डयन मंत्रालय (एमओसीए) ने दिल्ली एयरपोर्ट पर एक बड़ी सुरक्षा और आव्रजन (इमिग्रेशन) चूक के मामले में एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस मामले पर चर्चा के लिए गृह मंत्रालय ने मंगलवार को संबंधित हितधारकों की बैठक बुलाई है।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को दी जानकारी में बताया कि नागर विमानन मंत्रालय ने कथित आव्रजन चूक को लेकर एयर इंडिया एयरलाइंस को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस चूक के चलते तीन इतालवी यात्री दिल्ली हवाई अड्डे पर आव्रजन प्रक्रिया पूरी किए बिना कनेक्टिंग उड़ान से म्यूनिख पहुंच गए थे।

सूत्रों ने कहा कि इस गंभीर मामले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) भी एक्शन में आ गया है। केंद्रीय गृह सचिव ने मंगलवार को सभी संबंधित पक्षों (स्टेकहोल्डर्स) की एक अहम बैठक बुलाई है। जानकारी के मुताबिक तीन इटालियन नागरिक बिना इमिग्रेशन जांच के दिल्ली से म्यूनिख चले गए। उन्होंने चार सितंबर की सुबह लुफ्थांसा की फ्लाइट LH-763 से उड़ान भरी।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस मामले में एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मंत्रालय ने एयरलाइन से सात दिन के भीतर जवाब मांगा है। ये तीनों यात्री रात करीब 12:50 बजे अमृतसर से एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-1115 से दिल्ली पहुंचे थे। करीब एक घंटे बाद, 1:45 बजे, वे लुफ्थांसा की म्यूनिख जाने वाली फ्लाइट में सवार हो गए।

दरअसल यात्रियों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की तय प्रक्रिया से गुजरना था। इसके बजाय वे इमिग्रेशन चेकपॉइंट तक पहुंचे बिना अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में सवार हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags