अमृतसर से अबू धाबी के लिए 29 अक्टूबर से सप्ताह में तीन दिन सीधी उड़ान शुरू करेगी एयर इंडिया एक्सप्रेस

14 Sep 2026 19:45:53

- पंजाब और यूएई के बीच यात्रियों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

अमृतसर, 14 सितंबर (हि.स.)। एयर इंडिया एक्सप्रेस 29 अक्टूबर से अमृतसर और अबू धाबी के बीच सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। नई सेवा से पंजाब से संयुक्त अरब अमीरात जाने वाले यात्रियों, खासकर कामगारों, परिवारों और कारोबारी यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन गुरुवार, शनिवार और रविवार चलेगी। अमृतसर से फ्लाइट रात 8:40 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 11:50 बजे अबू धाबी पहुंचेगी। वापसी की उड़ान अबू धाबी से शुक्रवार, रविवार और सोमवार को रात 12:55 बजे रवाना होगी और सुबह 6:15 बजे अमृतसर पहुंचेगी। अमृतसर से अबू धाबी तक उड़ान का समय करीब 4 घंटे 40 मिनट, जबकि वापसी में लगभग 3 घंटे 50 मिनट रहेगा।

फ्लाई अमृतसर इनिशिएटिव के ग्लोबल कन्वीनर समीप सिंह गुमटाला ने कहा कि नई सीधी सेवा से उन यात्रियों को विशेष लाभ होगा, जिन्हें अभी अबू धाबी पहुंचने के लिए दिल्ली से उड़ान लेनी पड़ती है या अमृतसर से दुबई अथवा शारजाह जाकर आगे सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ती है। सीधी उड़ान से समय और यात्रा खर्च दोनों कम हो सकते हैं।

फ्लाई अमृतसर इनिशिएटिव के कन्वीनर योगेश कामरा ने कहा कि अबू धाबी सेवा शुरू होने से अमृतसर की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। उन्होंने दावा किया कि नई उड़ान जुड़ने के बाद दुबई, शारजाह और अबू धाबी के लिए अमृतसर से साप्ताहिक उड़ानों की संख्या करीब 31 तक पहुंच सकती है, हालांकि यह एयरलाइंस के शेड्यूल में बदलाव पर निर्भर करेगी। उन्होंने एयरलाइंस से मस्कट और कुवैत जैसे खाड़ी देशों के अन्य प्रमुख शहरों के लिए भी अमृतसर से सीधी उड़ानें शुरू करने की मांग की।

--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Powered By Sangraha 9.0