फ्रांस की परमाणु प्रतिरोधक पहल में शामिल हुआ फिनलैंड

14 Sep 2026 21:36:53

हेलसिंकी, 14 सितंबर (हि.स.)। फिनलैंड ने फ्रांस की फॉरवर्ड न्यूक्लियर डिटरेंस इनिशिएटिव में शामिल होने का फैसला किया है। इस पहल का उद्देश्य यूरोपीय साझेदार देशों के साथ सहयोग बढ़ाकर फ्रांस की परमाणु प्रतिरोधक क्षमता की पहुंच और यूरोप की सामूहिक सुरक्षा को मजबूत करना है।

फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने कहा कि यह पहल सबसे पहले यूरोपीय सुरक्षा को मजबूत करने पर केंद्रित है। उनके मुताबिक, इससे यूरोप को अपनी रक्षा की अधिक जिम्मेदारी लेने और संभावित सैन्य तनाव को बढ़ने से रोकने में मदद मिलेगी।

अमेरिका की यूरोप की सुरक्षा प्रतिबद्धता को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चिंताओं और यूक्रेन युद्ध के व्यापक सुरक्षा प्रभावों के बीच फ्रांस ने मार्च में इस पहल की घोषणा की थी।

इस व्यवस्था के तहत परमाणु हथियारों के इस्तेमाल का अंतिम निर्णय फ्रांस के राष्ट्रपति के पास ही रहेगा। हालांकि, पहल में सहयोगी देशों के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास, परमाणु क्षमता वाले संसाधनों की संभावित सीमित अवधि की तैनाती और रणनीतिक मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श का प्रावधान है।

फिनलैंड के रक्षा मंत्री एंट्टी हक्कानेन ने इस समझौते को यूरोपीय रक्षा सहयोग की दिशा में स्वाभाविक कदम बताया। उन्होंने कहा कि नॉर्वे, स्वीडन और डेनमार्क जैसे अन्य देश भी वर्ष की शुरुआत में इस पहल से जुड़ चुके हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0