
नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम क्षेत्र, मध्य क्षेत्र और पूर्वोत्तर क्षेत्र समेत देशभर के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का असर कम होता दिखाई दे रहा है लेकिन कहीं-कहीं पर अगले 6-7 दिनों के दौरान भारी बारिश के आसार हैं। इनमें उत्तराखंड सहित अधिकतर पहाड़ी क्षेत्र शामिल हैं। इस दौरान वर्षा वाले क्षेत्रों में तूफानी हवाओं का रूख भी सामान्य से कुछ अधिक ही रहेगा। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को हल्की बारिश का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में मंगलवार सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32-34 डिग्री सेल्सियस और 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बुधवार और गुरुवार को भी यही स्थिति बनी रह सकती है। दोनों दिन के न्यूनतम तापमान में लगभग एक से दो डिग्री सेल्सियस का उतार चढ़ाव बना रहेगा। आईएमडी ने राजधानी में आज मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई थी लेकिन आज उमस भरी गर्मी महसूस की गई।
आईएमडी के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उससे सटे उत्तरी गुजरात के ऊपर कम दबाव बना हुआ है। वहीं, 19 सितंबर को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए हालात अनुकूल हो रहे हैं।
उत्तर-पश्चिम क्षेत्रों के हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी क्षेत्रों में अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा, पूर्वोत्तर क्षेत्रों में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पश्चिम क्षेत्रों में कोंकण और गोवा, दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 6-7 दिनों के दौरान हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा भी हो सकती है। इसके अलावा, इन क्षेत्रों में करीब 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा, तेलंगाना और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12-20 सेमी, कोंकण, पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़, सौराष्ट्र, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात क्षेत्र, उत्तराखंड, तमिलनाडु, ओडिशा और असम में 7-11 सेमी तक भारी वर्षा दर्ज की गई।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी