संघ प्रमुख मोहन भागवत और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन 17 सितंबर को आएंगे उज्जैन

14 Sep 2026 21:43:53
संघ प्रमुख मोहन भागवत (फाइल)


उज्जैन, 14 सितम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आगामी 17 और 18 सितंबर को मध्य प्रदेश का उज्जैन का प्रवास प्रस्तावित है।

सरसंघचालक डॉ भागवत संघ की संगठनात्मक बैठकों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे, जबकि भाजपा अध्यक्ष नवीन 17 सितंबर को शिप्रा नदी किनारे सेवा संकल्प के तहत होने वाले 25 लाख दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोनों नेताओं के आगमन को लेकर संघ और भाजपा संगठन के साथ पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

सरसंघचालक के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सोमवार को संघ के वरिष्ठ प्रचारकों ने मनोरमा महाकाल गार्डन पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने भी कार्यक्रम स्थलों और सुरक्षा के लिहाज से तय किए गए मार्गों का मुआयना किया।

जानकारी के अनुसार, गीता भवन में चलने वाला कार्यक्रम सेवाज्ञ संस्थानम् 17 से 19 सितम्बर तक तीन दिन तक आयोजित होगा, जिसमें स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज, आचार्य पुण्डरीक गोस्वामी, प्रसिद्ध गीतकार मनोज मुन्तशिर, आईआईएम इंदौर के डायरेक्टर हिमांशु राय, विष्णु प्रकाश त्रिपाठी सहित अन्य अतिथि शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि इन कार्यक्रमों के बाद संघ प्रमुख सरदारपुरा स्थित संघ कार्यालय 'आराधना भवन' भी जा सकते हैं।

सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत 17 सितंबर की दोपहर उज्जैन पहुंचेंगे। इसके बाद वे कोयला फाटक स्थित मनोरमा महाकाल गार्डन में संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं और प्रमुख पदाधिकारियों की विशेष बैठक में शामिल होंगे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा होगी और सरसंघचालक का मुख्य उद्बोधन होगा। इसी दिन शाम को सरसंघचालक डॉ भागवत महाकाल परिसर, अरविंद नगर में उज्जैन महानगर के स्वयंसेवकों को भी संबोधित करेंगे।

18 सितंबर को युवा धर्म संसद में संवाद

सरसंघचालक डॉ भागवत अगले दिन 18 सितंबर को देवास रोड स्थित गीता भवन में सुबह 11 बजे सेवाज्ञ संस्थानम् द्वारा आयोजित ‘युवा धर्म संसद’ में शामिल होंगे। वे यहां युवाओं को संबोधित करेंगे। सेवाज्ञ संस्थानम् का मध्य प्रदेश में पहला कार्यक्रम है, इससे पहले भी तीन चार कार्यक्रम अलग अलग शहरों में हो चुके है। सरसंघचालक डॉ भागवत से संवाद करने के लिए करीब दो माह पहले विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। इसमें देश भर के कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र छात्राएं शामिल होंगे।

नितिन नवीन 17 सितंबर को आएंगे उज्जैन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार उज्जैन आ रहे हैं। उनके स्वागत की तैयारी के लिए भाजपा संगठन में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। नितिन नवीन दो दिन उज्जैन में रह सकते हैं। वे 17 सितंबर को उज्जैन पहुंचेंगे। इसी दौरान शाम को शिप्रा नदी किनारे सेवा संकल्प के तहत 25 लाख दीप प्रज्वलित करने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। नितिन नवीन के सरसंघचालक मोहन भागवत से मुलाकात करने की भी संभावना है। हालांकि, वे ‘युवा धर्म संसद’ में शामिल होंगे या नहीं, यह अभी तय नहीं है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0