
- वेबसाइट पर ई-आराधना की सुविधा शुरू
खण्डवा, 14 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्थित प्रसिद्ध ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में महामृत्युंजय जाप, पार्थेश्वर पूजन, पंचामृत पूजन, नर्मदा आरती, नर्मदा पूजन तथा जलाभिषेक कराकर यदि आप पुण्य लाभ प्राप्त करना चाहते हैं तो ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पूजा व शीघ्र दर्शन की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने सोमवार को बताया कि वेबसाइट के माध्यम से श्रृद्धालुओं को मंदिर प्रशासन द्वारा ऑनलाइन पूजा व अभिषेक करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। श्रृद्धालुओं को वेबसाइट पर जाकर पूजन के लिए तिथि व समय बुक करना होगा। बुक किये गये निर्धारित समय पर भक्तगण वीडियो लिंक के माध्यम से पूजन व अभिषेक में घर बैठे शामिल हो सकते हैं। पूजन के बाद स्पीड पोस्ट के माध्यम से श्रृद्धालुओं को घर बैठे प्रसाद पहुँचाने की व्यवस्था भी मंदिर प्रशासन द्वारा की जाती है।
कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि जो श्रृद्धालु ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन करने आना चाहते हैं, उनकी सुविधा के लिये “शीघ्र दर्शन” की व्यवस्था भी मंदिर प्रशासन द्वारा की गई है। इसके लिये वेबसाइट पर जाकर शीघ्र दर्शन का समय व दिनांक चयनित कर ऑनलाइन भुगतान कर दर्शन बुक करना होंगे। इसके बाद संबंधित श्रृद्धालु को डिजिटल टोकन प्राप्त हो जाता है। ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में आने पर यह डिजिटल टोकन दिखाने पर एक “रिस्ट बैंड” उपलब्ध कराया जाता है, जिसके माध्यम से संबंधित श्रृद्धालु को शीघ्र दर्शन की सुविधा मंदिर प्रशासन द्वारा उपलब्ध करा दी जाती है और बिना किसी इंतजार के कम समय में ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन आसानी से हो जाते हैं।
दूरस्थ तेलंगाना के श्रद्धालु ने घर बैठे किया अभिषेक
व्यावसायिक और पारिवारिक व्यस्तताओं के कारण जो श्रद्धालु ओंकारेश्वर आकर भगवान का जलाभिषेक नहीं कर पाते, उनके लिए ओंकारेश्वर मंदिर प्रशासन की वेबसाइट पर दी गई ‘‘ई-आराधना‘‘ की सुविधा वरदान साबित हो रही है। तेलंगाना राज्य के हनुमंत राव ने बताया कि जब उन्हें श्री ओंकारेश्वर मंदिर की वेबसाइट पर ‘‘ई-आराधना‘‘ सुविधा का विकल्प दिखा तो सोचा, क्यों ना घर बैठे ही जलाभिषेक किया जाए। वेबसाइट के माध्यम से जलाभिषेक की बुकिंग करने के बाद मंदिर प्रशासन की तरफ से तकनीकी जानकारी भेजी गई, कि किस तरह से पूजा व जलाभिषेक में शामिल होना है।
उन्होंने बताया कि पहले से निर्धारित किए गए टाइम स्लॉट पर अच्छी तरह से पूजा संपन्न हुई, और स्पीड पोस्ट से घर बैठे भगवान ओंकारेश्वर का प्रसाद भी प्राप्त हो गया।
हनुमंत राव ने सोमवार को ऑनलाइन जलाभिषेक करने के बाद अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि घर बैठे भगवान श्री ओंकारेश्वर के अभिषेक-पूजन से जुड़ना उनके लिए बहुत अद्भुत और आनंददायक रहा। उन्होंने बताया कि ओंकारेश्वर मंदिर प्रशासन की इस सुविधा से पूर्णतः संतुष्ट और प्रसन्न हूं। उन्होंने देश-विदेश में रह रहे अन्य श्रद्धालुओं से भी ओंकारेश्वर मंदिर की वेबसाइट पर दी गई ‘‘ई-आराधना‘‘ सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर