नेपाल को बिजली निर्यात की मंजूरी, 31 दिसंबर तक मिलेगी 654 मेगावाट तक आपूर्ति

14 Sep 2026 19:03:53

नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने नेपाल को 31 दिसंबर 2026 तक प्रतिदिन 18 घंटे बिजली निर्यात करने की मंजूरी दी है। इसके तहत नेपाल विद्युत प्राधिकरण को कुल 654 मेगावाट तक बिजली आपूर्ति की जा सकेगी।

ऊर्जा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि 13 सितंबर से 31 दिसंबर 2026 तक मुजफ्फरपुर-ढल्केबार 400 केवी डबल सर्किट लाइन के माध्यम से 600 मेगावाट और टनकपुर-महेन्द्रनगर 132 केवी सिंगल सर्किट लाइन के जरिए 54 मेगावाट तक बिजली निर्यात की अनुमति दी गई है। जनवरी 2027 से निर्यात की जाने वाली बिजली की मात्रा की समीक्षा दिसंबर 2026 में की जाएगी।

मंत्रालय के अनुसार, हाल में आई बाढ़ से नेपाल की जलविद्युत परियोजनाओं को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे वहां घरेलू बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है और अतिरिक्त बिजली की आवश्यकता पैदा हुई है। भारत की ओर से दी गई यह मंजूरी नेपाल की बिजली जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगी।

मंत्रालय ने कहा कि यह कदम भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऊर्जा सहयोग को और मजबूत करेगा। भारत ऊर्जा क्षेत्र में नेपाल को सहयोग देने और द्विपक्षीय साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0