मॉस्को, 14 सितंबर (हि.स./रिया नोवोस्ती)। रूस के नए डैन-टी ड्रोन के विशेष सैन्य अभियान के दौरान सैकड़ों युद्धक प्रक्षेपण किए जा चुके हैं और यह हथियार उच्च प्रभावशीलता प्रदर्शित कर रहा है। रूस की सरकारी रक्षा कंपनी रोस्टेक के आयुध, गोला-बारूद एवं विशेष रसायन क्लस्टर के औद्योगिक निदेशक तथा रूसी इंजीनियरिंग यूनियन के ब्यूरो सदस्य बेखान ओजदोएव ने रिया नोवोस्ती को यह जानकारी दी।ओजदोएव ने बताया कि डैन-टी को पहली बार 8 से 10 सितंबर 2026 तक मिस्र के एल अलामीन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आयोजित एल अलामीन अंतरराष्ट्रीय एयर शो-2026 में प्रदर्शित किया गया था।उन्होंने कहा, “डैन-टी का विशेष सैन्य अभियान क्षेत्र में सफलतापूर्वक परीक्षण किया जा चुका है। वास्तविक परिस्थितियों में इसके सैकड़ों प्रक्षेपण किए गए हैं। इसकी प्रभावशीलता काफी अधिक है।”ओजदोएव के अनुसार, डैन-टी ड्रोन पूरी तरह स्वायत्त तरीके से अपने लक्ष्य तक पहुंचता है और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध तथा वायु रक्षा प्रणालियों के भारी प्रतिरोध के बावजूद लक्ष्य तक पहुंचने में सक्षम है। ड्रोन की नियंत्रण प्रणाली उसे कम ऊंचाई पर उड़ान भरने तथा पहाड़ियों, जंगलों और इमारतों जैसी बाधाओं से बचने में सक्षम बनाती है।ओजदोएव ने कहा कि ड्रोन को दुश्मन की वायु रक्षा प्रणालियों के लिए बेहद कठिन लक्ष्य बनाया गया है। इसके डिजाइन में कम दृश्यता वाले तत्व शामिल हैं और इसका विद्युत चुंबकीय सिग्नल बिखराव क्षेत्र भी कम है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी