महिला एशिया कप फाइनल: श्री चरणी ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में एक साल में सर्वाधिक विकेट लेने का बनाया भारतीय रिकॉर्ड

14 Sep 2026 00:27:53
भारतीय स्पिन गेंदबाज श्री चरणी


दुबई, 14 सितंबर (हि.स.)। भारतीय बाएं हाथ की स्पिनर एन. श्री चरणी ने रविवार को श्रीलंका के खिलाफ महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले के 14वें ओवर में श्री चरणी ने हरशिता समरविक्रमा को अपनी ही गेंद पर कैच कर पवेलियन भेजा। इस विकेट के साथ उनके इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 36 विकेट हो गए और उन्होंने पूनम यादव का भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। चरणी ने मैच में 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट लिए। उनके नाम इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अब 39 विकेट हो गए हैं। उनके इस प्रदर्शन से भारत ने श्रीलंका को हराकर महिला एशिया कप का खिताब भी जीत लिया।

लेग स्पिनर पूनम यादव ने 2018 में 35 पारियों में 35 विकेट लिए थे। वहीं, 22 वर्षीय श्री चरणी ने महज 20 पारियों में 39 विकेट लेकर यह उपलब्धि हासिल की है।

श्री चरणी ने बांग्लादेश के खिलाफ महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में पूनम यादव के 35 विकेट के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में हरशिता का विकेट लेते ही वह इस रिकॉर्ड से आगे निकल गईं।

आंध्र की इस स्पिनर ने पिछले साल अप्रैल में श्रीलंका के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। दिल्ली कैपिटल्स के लिए महिला प्रीमियर लीग में प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली थी।

श्री चरणी इसके बाद भारत की एकदिवसीय विश्व कप टीम का भी हिस्सा बनीं। वह उस भारतीय टीम का हिस्सा थीं, जिसने पहली बार 50 ओवर का विश्व कप खिताब जीतकर इतिहास रचा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0