एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 27 अक्टूबर से, मोहाली और जालंधर करेगा मेजबानी

14 Sep 2026 16:38:53
स्टेडियम का निरीक्षण करते पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान


मोहाली, 14 सितंबर (हि.स.)। हीरो पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब के मोहाली और जालंधर में किया जाएगा। टूर्नामेंट की तारीखों की आधिकारिक घोषणा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को मोहाली में की।

महाद्वीपीय स्तर के इस प्रतिष्ठित हॉकी टूर्नामेंट के मुकाबले मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम और जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। जालंधर में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक उद्घाटन समारोह के साथ लीग चरण के सभी मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद टूर्नामेंट मोहाली पहुंचेगा, जहां 4 नवंबर को दोनों सेमीफाइनल और 5 नवंबर को फाइनल खेला जाएगा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि ऐतिहासिक हीरो पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 पंजाब के लिए केवल एक हॉकी टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि यह उस खेल की भावनात्मक घर वापसी है, जिसने भारतीय हॉकी के कई दिग्गजों को जन्म दिया है। उन्होंने कहा, “पहली बार पंजाब अपनी धरती पर इस स्तर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। पंजाब सरकार इसे खिलाड़ियों, दर्शकों और भारत तथा दुनिया भर के हॉकी प्रेमियों के लिए यादगार खेल आयोजन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

इस अवसर पर हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, महानिदेशक कमांडर आरके श्रीवास्तव, कार्यकारी बोर्ड सदस्य आरपी सिंह और हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली भी मौजूद रहे।

टूर्नामेंट में एशिया की शीर्ष हॉकी टीमों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। भारत, पाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, चीन और जापान को प्रतिभागी टीमों में शामिल किया गया है, जबकि ओमान और बांग्लादेश रिजर्व टीमों के रूप में हैं।

हीरो पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी एशियाई हॉकी महासंघ के कैलेंडर के प्रमुख टूर्नामेंटों में शामिल है। यह महाद्वीप की शीर्ष टीमों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का मंच प्रदान करता है। 2026 संस्करण के जरिए पंजाब की समृद्ध हॉकी विरासत और खेल में उसके योगदान को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा कि पंजाब की हॉकी विरासत बेहद गौरवशाली है और हमें खुशी है कि मोहाली और जालंधर हीरो पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की मेजबानी करेंगे। हम पंजाब सरकार के सहयोग और समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “हीरो पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की तारीखों की घोषणा पंजाब में यादगार टूर्नामेंट की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान के सहयोग और हॉकी के प्रति प्रतिबद्धता के लिए आभारी हैं। मोहाली और जालंधर की समृद्ध हॉकी संस्कृति एशिया की शीर्ष टीमों के लिए शानदार मंच उपलब्ध कराएगी।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0