सरकारी दफ्तरों में लंबित मामलों और कबाड़ निपटान के लिए विशेष अभियान, कल लॉन्च होगा पोर्टल

15 Sep 2026 14:50:53

नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। देशभर में सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता बढ़ाने, लंबित मामलों को कम करने, फाइलों के निस्तारण और अनुपयोगी सामग्री के निपटान के लिए 16 सितंबर से विशेष अभियान-6 की शुरुआत होगी। अभियान की निगरानी के लिए केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह बुधवार को एक वेब पोर्टल लॉन्च करेंगे।

कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अनुसार, 16 से 30 सितंबर तक विशेष अभियान-6 का तैयारी चरण चलेगा, जबकि 2 से 31 अक्टूबर तक इसका क्रियान्वयन किया जाएगा। इस बार अभियान में ई-कचरे के प्रभावी संग्रह, पृथक्करण और निपटान पर विशेष जोर रहेगा। अभियान का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को संस्थागत रूप देना और लंबित कामकाज को कम करना है।

मंत्रालय ने बताया कि साल 2021 से प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग इस अभियान का संचालन कर रहा है। पिछले पांच विशेष अभियानों के दौरान देशभर में 24.20 लाख से अधिक स्थलों को कवर किया गया, 180.48 लाख से अधिक फाइलों का निस्तारण हुआ और कबाड़ के निपटान से 5,102.91 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।

विशेष अभियान-5 के दौरान अकेले 11.6 लाख स्थलों को कवर किया गया, 29.52 लाख फाइलों का निपटान हुआ, 233.75 लाख वर्ग फुट कार्यालयी स्थान खाली कराया गया और कबाड़ निपटान से 833.92 करोड़ रुपये की आय हुई।

मंत्रालय के अनुसार, विशेष अभियान-6 सभी मंत्रालयों, विभागों, उनसे संबद्ध कार्यालयों, स्वायत्त संस्थाओं, फील्ड कार्यालयों तथा विदेश स्थित भारतीय मिशनों में चलाया जाएगा। अभियान के दौरान नागरिक केंद्रित कार्यप्रणालियों, समावेशिता और बेहतर कार्यालय प्रबंधन को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0