दक्षिण एशिया में कोरियाई वीजा सेवाओं का विस्तार, भारत समेत 3 देशों में शुरू होंगे छह आवेदन केंद्र

15 Sep 2026 17:34:53
नई दिल्ली में मंगलवार को कोरिया वीजा आवेदन केंद्र के उद्घाटन के अवसर पर भारत में कोरिया गणराज्य के राजदूत ली सियोंग-हो और वीएफएस ग्लोबल के अधिकारी।


नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। वीएफएस ग्लोबल ने दक्षिण एशिया में दक्षिण कोरिया की वीजा सेवाओं का विस्तार करते हुए भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका में कुल छह कोरिया वीजा आवेदन केंद्रों के संचालन की घोषणा की है। भारत में नई दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता के अलावा बांग्लादेश के ढाका और श्रीलंका के कोलंबो में भी कोरिया वीजा आवेदन केंद्र शुरू किए गए हैं। नई दिल्ली स्थित नए केंद्र का उद्घाटन मंगलवार को भारत में कोरिया गणराज्य के राजदूत ली सियोंग-हो ने किया।

वीएफएस ग्लोबल ने बताया कि उसने वर्ष 2011 से भारत में कोरिया गणराज्य सरकार के लिए वीजा प्रक्रिया संबंधी सेवाएं प्रदान कर रहा है। नए केंद्र के माध्यम से आवेदकों को वीजा आवेदन जमा करने के लिए अधिक सुविधाजनक और व्यक्तिगत सुविधा उपलब्ध होगी। ढाका और कोलंबो में केंद्र शुरू होने के बाद दक्षिण एशिया में वीएफएस ग्लोबल द्वारा संचालित कोरिया वीजा आवेदन केंद्रों की संख्या छह हो गई है।

इस अवसर पर कोरिया गणराज्य के राजदूत ली सियोंग-हो ने कहा कि नया केंद्र भारत और कोरिया के संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य आवेदकों को सहज, कुशल और सुगम आवेदन अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने दोनों देशों के बीच यात्रा को सुविधाजनक बनाने और लोगों के बीच व्यापक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए वीएफएस ग्लोबल के साथ सहयोग और मजबूत करने की बात कही।

वीएफएस ग्लोबल की दक्षिण एशिया प्रमुख परिचालन अधिकारी युम्मी तलवार ने कहा कि तीन देशों में छह कोरिया वीजा आवेदन केंद्रों तक पहुंचना कोरिया गणराज्य के साथ कंपनी की साझेदारी में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पूरे क्षेत्र में कोरिया वीजा की बढ़ती मांग को भी दर्शाता है। आधुनिक सुविधाओं और प्रशिक्षित टीमों के माध्यम से कंपनी आवेदन प्रक्रिया को अधिक सहज और सुविधाजनक बनाने का प्रयास कर रही है।

कंपनी के अनुसार, वीजा आवेदन प्रक्रिया में उसकी भूमिका प्रशासनिक कार्यों तक सीमित है। इसमें आवेदन फॉर्म और आवश्यक दस्तावेज एकत्र करना तथा बायोमेट्रिक्स दर्ज करना शामिल है। वीजा देने या अस्वीकार करने का निर्णय संबंधित दूतावास का विशेषाधिकार और पूर्ण उत्तरदायित्व है। वीएफएस ग्लोबल की इसमें कोई भूमिका नहीं है।

वीएफएस ग्लोबल के अनुसार वह वर्तमान में 71 ग्राहक सरकारों के लिए सेवाएं प्रदान कर रही है और 170 देशों में 4,200 से अधिक केंद्र संचालित करती है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0