पैट कमिंस ने बताया बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट हार का कारण, खराब तैयारी की बात को किया खारिज

15 Sep 2026 12:44:53
पैट कमिंस


सिडनी, 15 सितंबर (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने बांग्लादेश के खिलाफ अगस्त में मिली चौंकाने वाली टेस्ट हार के लिए खराब तैयारी को जिम्मेदार मानने से इनकार किया है। ऑस्ट्रेलिया को दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में नौ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन टीम ने दूसरे टेस्ट में शानदार वापसी करते हुए पारी और बड़ी जीत दर्ज की थी।

कमिंस ने कहा कि अगर यह सीरीज बांग्लादेश के बजाय इंग्लैंड के खिलाफ एशेज जैसी बड़ी सीरीज होती, तब भी ऑस्ट्रेलियाई टीम की तैयारी में कोई बदलाव नहीं होता।

उन्होंने ‘कीपिन’ इट क्रिकेट’ पॉडकास्ट में कहा, “चाहे वह एशेज टेस्ट होता या बांग्लादेश सीरीज, मुझे लगता है कि हम बिल्कुल उसी तरह तैयारी करते। निश्चित तौर पर आप सीरीज के बाद उसका आकलन करते हैं, लेकिन मुझे वास्तव में लगा कि हम अच्छी स्थिति में थे। हर कोई फिट था और पूरी तरह तैयार था।”

पहले टेस्ट में क्या गलत हुआ, इस सवाल पर कमिंस ने सीधा जवाब दिया। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि हमने अच्छा क्रिकेट नहीं खेला।”

उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि यह तैयारी की कमी थी। मुझे लगता है कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए और बांग्लादेश ने शानदार क्रिकेट खेला। उन्होंने हमें वास्तव में वापसी का कोई मौका नहीं दिया।”

ऑस्ट्रेलिया का अगला टेस्ट अभियान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज से शुरू होगा। हालांकि, कमिंस इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली एकदिवसीय सीरीज में नहीं खेलेंगे।

दक्षिण अफ्रीका का यह दौरा 2018 के ‘सैंडपेपरगेट’ विवाद के बाद ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट क्रिकेट में वहां वापसी भी होगा। हालांकि, कमिंस को उम्मीद नहीं है कि पुराना विवाद आगामी टेस्ट सीरीज पर हावी रहेगा।

उन्होंने कहा, “थोड़ी शत्रुता हो सकती है।” हालांकि, उन्होंने तुरंत कहा, “हर कोई आगे बढ़ चुका है। अच्छी बात यह है कि तीन टेस्ट मैच हैं, आप क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करते हैं और बहुत जल्दी हर कोई सिर्फ क्रिकेट के बारे में सोचने लगता है।”

कमिंस ने कहा, “मुझे यकीन है कि दर्शकों में कुछ लोग काफी शोर मचाएंगे और कुछ लेख या मीडिया फिर से पुरानी बातों को सामने ला सकते हैं। लेकिन हमारी टीम उस घटना से आगे बढ़ चुकी है।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0