
- सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 1,442 अंक लुढ़का, निफ्टी ने ऊपरी स्तर से 474 अंक का लगाया गोता
नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर नए हमले करने की वजह से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने, कच्चे तेल की कीमत में तेजी आने, दुनिया भर के ज्यादातर देशों में महंगाई बढ़ने और इसकी वजह से ब्याज दरों में बढ़ोतरी होने की आशंका तथा ग्लोबल बॉन्ड यील्ड में उछाल आने की वजह से दुनिया भर के ज्यादातर शेयर बाजार आज ध्वस्त हो गए। ग्लोबल लेवल पर बने इस घबराहट के माहौल में भारतीय शेयर बाजार भी धराशायी हो गया। बाजार में जम कर हुई बिकवाली के कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 1,442 अंक से अधिक टूट गया। इसी तरह निफ्टी ने भी ऊपरी स्तर से 474.25 अंक तक का गोता लगाया। बाजार में आई इस जोरदार गिरावट के कारण शेयर बाजार के निवेशकों को एक झटके में 10.69 लाख करोड़ रुपये की चपत लग गई।
आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में और तेजी आ गई। हालांकि कुछ भी देर में वैश्विक दबाव की वजह से घरेलू बाजार में भी बिकवाली होने लगी, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लगातार गिरते चले गए। खरीदारों ने बीच-बीच में लिवाली का जोर बना कर बाजार को सहारा देने की कोशिश भी की, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि खरीदारों की कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी ने 1.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
बीएसई का सेंसेक्स आज 587.87 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,369.63 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक 654.68 अंक यानी 0.88 प्रतिशत की उछाल के साथ 75,436.44 अंक के स्तर तक पहुंच गया। थोड़ी देर बाद ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। लगातार हो रही शेयरों की बिक्री की वजह से सेंसेक्स सुबह 10 बजे के करीब अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में पहुंच गया। इसके बाद भी बाजार में शेयरों की बिक्री होती रही, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 1,442.41 अंक लुढ़क कर 787.73 अंक यानी 1.05 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,994.03 अंक के स्तर तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 777.94 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,003.82 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 178.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,576.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से कुछ देर में ही यह सूचकांक 194.75 अंक यानी 0.83 प्रतिशत उछल कर 23,592.85 अंक के स्तर तक आ गया। बाजार की तेजी अधिक देर तक टिक नहीं सकी। वैश्विक दबाव में घरेलू शेयर बाजार में भी बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से निफ्टी की चाल भी कमजोर पड़ने लगी।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण पहले एक घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक गिर कर लाल निशान में पहुंच गया। इस स्तर पर खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, लेकिन बाजार पर मंदड़ियों का दबाव इतना अधिक था कि खरीदारों की कोशिश सफल नहीं हो सकी और बिकवाली का दबाव बढ़ता चला गया। दिन भर बिकवाली का दबाव झेलने के बाद निफ्टी ऊपरी स्तर से 474.25 अंक फिसल कर 279.50 अंक यानी 1.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,118.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान निगेटिव सेंटीमेंट हावी होने के बावजूद आईटी सेक्टर के शेयरों की लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 2.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। इसी तरह बीएसई का टेक इंडेक्स भी 1.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। आईटी सेक्टर के अलावा दूसरे सभी सेक्टर्स आज वैश्विक स्तर पर बने दबाव का शिकार हो गए।
रियल्टी सेक्टर आज बुरी तरह से ध्वस्त हो गया। बिकवाली के दबाव में रियल्टी इंडेक्स तीन प्रतिशत से भी ज्यादा गिर गया। इसी तरह कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल, मीडिया और पीएसयू बैंक सेक्टर के शेयरों की भी आज लगातार बिक्री होती रही। बिकवाली के दबाव में बीएसई का मेटल इंडेक्स 2.12 प्रतिशत टूट गया इसी तरह निफ्टी का पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स 2.29 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया, जबकि बीएसई का कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स 2.65 प्रतिशत गिर कर बंद हुआ।
इसके अलावा ऑटोमोबाइल, इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑयल एंड गैस, फार्मास्यूटिकल, कैपिटल गुड्स और एफएमसीजी इंडेक्स भी कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 2.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.43 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई जबरदस्त गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े दस लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 472.41 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 483.10 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 10.69 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,684 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,190 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,292 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 202 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,281 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 577 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,704 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 7 शेयर बढ़त के साथ और 23 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 10 शेयर हरे निशान में और 40 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचसीएल टेक्नोलॉजी 3.95 प्रतिशत, इंफोसिस 3.79 प्रतिशत, टीसीएस 2.28 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 2.26 प्रतिशत और विप्रो 1.55 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 5.30 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 4.74 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 4.29 प्रतिशत, इंटरग्लोब एवियशन 3.96 प्रतिशत और ग्रासिम इंडस्ट्रीज 3.38 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक