नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफको) के अध्यक्ष दिलीप संघाणी को अंतरराष्ट्रीय सहकारी गठबंधन (आईसीए) के ग्लोबल बोर्ड में एट-लार्ज निदेशक चुना गया है। यह चुनाव पनामा सिटी में आयोजित आईसीए महासभा के दौरान हुआ।
इफको की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस चुनाव में दिलीप संघाणी ने तीसरा स्थान हासिल करते हुए ग्लोबल बोर्ड में जगह बनाई। उनकी जीत भारतीय सहकारी आंदोलन की वैश्विक स्तर पर बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
संघाणी के निर्वाचित होने की घोषणा होते ही पनामा में मौजूद भारतीय सहकारी प्रतिनिधिमंडल ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। इफको ने कहा कि यह भारतीय सहकारी आंदोलन की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता और प्रभाव का प्रतीक है।
दिलीप संघाणी कई दशकों से सहकारिता क्षेत्र से जुड़े हैं और किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था तथा सहकारी संस्थाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्य करते रहे हैं। वह वर्तमान में इफको और गुजरात राज्य सहकारी विपणन महासंघ (गुजकोमासोल) के अध्यक्ष हैं तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सहकारी संस्थाओं में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय सहकारी गठबंधन दुनिया का प्रमुख वैश्विक सहकारी संगठन है, जो विभिन्न देशों की सहकारी संस्थाओं का प्रतिनिधित्व करता है। इफको के अनुसार, आईसीए ग्लोबल बोर्ड में भारत की भागीदारी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सहकारी आंदोलन की आवाज और मजबूत होगी।
दिलीप संघाणी ने अपनी जीत पर आईसीए के सदस्य देशों, प्रतिनिधियों और वैश्विक सहकारी समुदाय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह वैश्विक मंच पर भारत के सहकारी आंदोलन के अनुभव और दृष्टिकोण को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर