
नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। देश की सबसे बड़ी स्टॉक एक्सचेंज कंपनी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने बुधवार को एंकर निवेशकों से 6,746.18 करोड़ रुपये जुटाए है। इस एंकर निवेशकों में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), गोल्डमैन सैक्श और फिडेलिटी समेत कई बड़े संस्थागत निवेशक शामिल हैं।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) की वेबसाइट उपलब्ध परिपत्र के अनुसार एनएसई ने 150 एंकर निवेशकों को 1,785 रुपये प्रति शेयर की दर से 3.77 करोड़ से अधिक के शेयर को आवंटित किया है। यह उसके आईपीओ मूल्य दायरे की ऊपरी सीमा है। इससे एंकर निवेश का कुल आकार 6,746.2 करोड़ रुपये रहा।
बीएसई परिपत्र के अनुसार एनएसई के एंकर निवेशकों में सिंगापुर का सरकारी निवेश कोष जीआईसी, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (एडीआईए), नॉर्गेस बैंक, ईस्टस्प्रिंग और एचएसबीसी ग्लोबल एसेट मैनेजमेंट भी शामिल हैं। एनएसई में 10.72 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाली सबसे बड़ी शेयरधारक एलआईसी ने तीन इकाइयों…एलआईसी, एलआईसी म्यूचुअल फंड और एलआईसी पेंशन फंड…के जरिये 500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है।
इसके अलावा एसबीआई समूह भी एंकर बुक में शामिल हुआ। भारतीय स्टेट बैंक और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स के जरिये एनएसई में एक फीसदी की हिस्सेदारी बेचने वाला एसबीआई समूह एसबीआई म्यूचुअल फंड, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और एसबीआई पेंशन फंड के जरिये एंकर दौर में शामिल हुआ। समूह ने लगभग 400 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है।
वहीं, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की एंकर बुक में करीब 43 फीसदी की हिस्सेदारी रही और उन्होंने 2,883 करोड़ रुपये का निवेश किया। अमेरिका, यूरोप और एशिया के 20 से अधिक विदेशी निवेश कोषों ने इसमें हिस्सा लिया। इनमें सरकारी निवेश कोष, क्षेत्रीय दीर्घकालिक निवेश कोष और वैश्विक म्यूचुअल फंड शामिल थे। साथ ही घरेलू संस्थागत निवेशकों की भागीदारी अच्छी-खासी रही। म्यूचुअल फंड, बीमा कंपनियों, पेंशन कोष और अन्य संस्थानों ने इसमें हिस्सा लिया। इसमें 25 से अधिक बड़े घरेलू म्यूचुअल फंड और 11 प्रमुख बीमा एवं पेंशन कंपनियों ने करीब 3,588 करोड़ रुपये का निवेश किया, जो एंकर बुक का 53 फीसदी है।
एनएसई का बहुप्रतीक्षित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) खुदरा निवेशकों के लिए गुरुवार, 17 सितंबर को खुलेगा और 21 सितंबर को बंद होगा। यह निर्गम पूरी तरह मौजूदा शेयरधारकों की ओर से बिक्री पेशकश (ओएफएस) है। इसमें मौजूदा शेयरधारक 12.64 करोड़ तक इक्विटी शेयर बेचेंगे। एनएसई के 24 सितंबर को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की उम्मीद है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर