निचले स्तर से हुई वैल्यू बाइंग के कारण मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

16 Sep 2026 17:46:53
प्रतीकात्मक


- बाजार की मजबूती के बावजूद निवेशकों को लगी 60 हजार करोड़ की चपत

नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। एफएमसीजी, ऑटोमोबाइल और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में जम कर हुई खरीदारी और ब्रॉडर मार्केट में निचले स्तर से हुई वैल्यू बाइंग की वजह से घरेलू शेयर बाजार आज मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद पहले एक घंटे तक जोरदार उतार-चढ़ाव होता रहा। इसके बाद शेयर बाजार पूरे दिन सीमित दायरे में कारोबार होता रहा। दिन भर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.45 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी ने 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया। बाजार की मजबूती के बावजूद शेयर बाजार के निवेशकों को आज 60 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

बीएसई का सेंसेक्स आज 245.49 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,249.31 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी की सपोर्ट से थोड़ी देर में ही यह सूचकांक 502.04 अंक यानी 0.68 प्रतिशत उछल कर 74,505.86 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 524.53 अंक फिसल कर 22.49 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 73,981.33 अंक के स्तर पर गिर गया।

हालांकि, खरीदारों ने तुरंत ही लिवाली शुरू कर बाजार को संभाल लिया। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर एक बजे के करीब यह सूचकांक उछल कर 74,464.30 अंक के स्तर तक पहुंच गया। अंत में मुनाफा वसूली होने की वजह से सेंसेक्स थोड़ा नीचे लुढ़क कर 332.63 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,336.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 83 अंक यानी 0.36 प्रतिशत उछल कर 23,201.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार के सपोर्ट से पहले 5 मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से लगभग 80 अंक की छलांग लगा कर 23,281.15 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इस स्तर पर पहुंचने के बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से यह सूचकांक भी गिरता चला गया। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण पहले आधे घंटे में ही निफ्टी 165.05 अंक का गोता लगा कर 2.50 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 23,116.10 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद खरीदारों ने निचले स्तर से खरीदारी कर इस सूचकांक को सहारा देना शुरू कर दिया। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर एक बजे के करीब निफ्टी दिन के निचले स्तर से 168.65 अंक की छलांग लगा कर 166.15 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,284.75 अंक के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, यह तेजी अधिक देर तक टिक नहीं सकी। इसके बाद हुई मुनाफा वसूली के कारण निफ्टी ऊपरी स्तर से 67.15 अंक टूट कर 99 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,217.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी, फार्मास्यूटिकल और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों की जम कर बिकवाली होती रही। खासकर, आईटी सेक्टर आज लगातार बिकवाली के दबाव में फंसा रहा, जिसकी वजह से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 1.58 प्रतिशत टूट गया। इसी तरह बीएसई के टेक इंडेक्स ने 0.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया। दूसरी ओर, एफएमसीजी, बैंकिंग और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों की आज लगातार खरीदारी होती रही। खासकर, एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों कि आज लगातार मांग बनी रही, जिसकी वजह से बीएसई का एफएमसीजी इंडेक्स 1.44 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ।। इसके अलावा कंज्यूमर ड्युरेबल्स, ऑयल एंड गैस, मेटल और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए।

ब्रॉडर मार्केट में आज निचले स्तर से वैल्यू बाइंग होने के बावजूद ओवरऑल दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.01 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया। आज शेयर बाजार में आई मजबूती के बावजूद ब्रॉडर मार्केट में बने दबाव के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साठ हजार करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 473.03 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 473.63 लाख करोड़ रुपये था।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,561 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,979 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,351 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 231 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,232 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,476 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,756 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 17 शेयर बढ़त के साथ, 12 शेयर गिरावट के साथ और एक शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 31 शेयर हरे निशान में और 19 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचडीएफसी लाइफ 2.73 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 2.65 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 2.42 प्रतिशत, आईटीसी 2.38 प्रतिशत और नेस्ले 1.65 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टीसीएस 2.76 प्रतिशत, विप्रो 1.83 प्रतिशत, इन्फोसिस 1.58 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.14 प्रतिशत और लार्सन एंड टूब्रो 1.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0