
कपिल शर्मा एक बार फिर अपनी पूरी टीम के साथ दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं। लोकप्रिय हास्य कार्यक्रम 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के पांचवें सीजन का आधिकारिक ऐलान हो गया है। निर्माताओं ने इसकी स्ट्रीमिंग तारीख की भी घोषणा कर दी है। इस बार शो की थीम 'हंसी का त्यो-हाहा-हार' रखी गई है, जिसमें हास्य के साथ त्योहारों और पारिवारिक मनोरंजन का तड़का देखने को मिलेगा।
नए सीजन का एक मजेदार प्रोमो भी जारी किया गया है, जिसमें दिवाली, क्रिसमस सहित कई त्योहारों के साथ हंसी-मजाक का माहौल नजर आ रहा है। पिछले सीजन की तरह इस बार भी कृष्णा अभिषेक, सुनील ग्रोवर और कीकू शारदा अपने लोकप्रिय अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करते दिखाई देंगे। वहीं, अर्चना पूरन सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर निर्णायक की भूमिका में नजर आएंगे।
शो में इस बार कौन-कौन से सितारे मेहमान बनकर पहुंचेंगे, इसका खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है। निर्माताओं ने नए सीजन को परिवार के साथ त्योहार मनाने और हंसी के रंग में रंगने का वादा किया है। 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का पांचवां सीजन 26 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा। इसके नए एपिसोड हर शनिवार रात 8 बजे दर्शकों के लिए उपलब्ध होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे