त्रिपुरा में 40 करोड़ की याबा टैबलेट जब्त, ट्रक चालक गिरफ्तार

16 Sep 2026 13:10:53
Image Related to the 50 Kgs of Yaba Worth ₹40 Crore Seized In Tripura.


अगरतला, 16 सितंबर (हि.स.)। त्रिपुरा पुलिस, असम राइफल्स और डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की संयुक्त टीम ने उत्तरी त्रिपुरा के पानीसागर नाका क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब पांच लाख याबा टैबलेट जब्त की है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पानीसागर के एसडीपीओ किशलय शिशोदिया के अनुसार, सुरक्षा बलों को गुप्त सूचना मिली थी कि असम से एक ट्रक के जरिए नशीले पदार्थों की खेप त्रिपुरा लाई जा रही है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने असम से अगरतला की ओर जा रहे टाटा ट्रक को पानीसागर नाका पर रोककर तलाशी ली।

कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई गहन तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर विशेष रूप से बनाए गए एक गुप्त केबिन का पता चला। इसी छिपे हुए कक्ष में याबा टैबलेट्स रखी गई थीं। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए सुरक्षा बलों के प्रयास की सराहना की। उन्होंने इसे 'नशा मुक्त त्रिपुरा' अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0