
हरिद्वार, 16 सितंबर (हि.स.)। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) और टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड (टीआरएसएल) ने आपूर्ति किए जाने वाले वंदे भारत स्लीपर ट्रेनसेट के व्यापक रखरखाव हेतु एक 50:50 संयुक्त उद्यम कंपनी (जेवीसी) को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त उद्यम समझौता (जॉइंट वेंचर एग्रीमेंट) किया है।
बीएचईएल की हरिद्वार इकाई के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा बुधवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार सुश्री बानी वर्मा, निदेशक (औद्योगिक प्रणाली और उत्पाद), बीएचईएल, एस एम रामनाथन, निदेशक (इंजीनियरिंग, अनुसंधान एवं विकास), बीएचईएल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में, बीएचईएल की ओर से सुश्री श्यामला वेंकटरमन, कार्यपालक निदेशक और टीआरएसएल की ओर से अनिल कुमार अग्रवाल, उप प्रबंध निदेशक, ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए।
विज्ञप्ति के अनुसार भारत के रेल अवसंरचना को बड़ा बढ़ावा देते हुए, बीएचईएल-टीआरएसएल संघ ने इससे पूर्व में भारतीय रेलवे से 80 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनसेट की आपूर्ति तथा उनके 35 वर्षों के व्यापक रखरखाव का ऑर्डर प्राप्त किया था।
भारत की अग्रणी इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण कंपनियों में से एक के रूप में, बीएचईएल को पावर, परिवहन, रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्रों में दशकों का अनुभव प्राप्त है।
जेवीसी आपूर्ति किए गए ट्रेनसेटों की दीर्घकालिक लाइफसाइकल केयर के लिए दोनों प्रमोटर कंपनियों की संयुक्त तकनीकी क्षमता का उपयोग करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला