अभाविप कार्यकर्ता के घर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के हमले का आरोप, एक हिरासत में

17 Sep 2026 13:32:53
अभविप कार्यकर्ताओं पर हमला करने वाला कथित हमलावर


नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं पर बुधवार को उनके एक कार्यकर्ता के आवास पर सुनियोजित तरीके से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है।

अभाविप का दावा है कि कार्यकर्ताओं ने मौके से भाग रहे एक हमलावर को पकड़कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया, जिसने कथित तौर पर एनएसयूआई का सोशल मीडिया कार्यकर्ता होने की बात स्वीकार की है।

अभाविप के अनुसार यह घटना विश्वविद्यालय क्षेत्र के हरि मंदिर स्थित अभाविप कार्यकर्ताओं के निवास पर हुई। संगठन का कहना है कि आवास पर छात्र कार्यकर्ताओं के साथ छात्राएं भी मौजूद थीं और सभी मिलकर शांतिपूर्ण बैठक कर रहे थे। परिषद का आरोप है कि बिना किसी उकसावे के बाहर से आए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने अचानक बैठक पर हमला कर दिया। हमले के तुरंत बाद कई हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को अभाविप कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही रोक लिया और कानून अपने हाथ में लिए बिना पुलिस को सौंप दिया।

मामले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा, लोकतांत्रिक छात्र राजनीति को हिंसा के जरिए दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि एनएसयूआई के कार्यकर्ता अभाविप कार्यकर्ताओं के निवास तक क्यों पहुंचे और छात्रा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बावजूद हमला क्यों किया गया।

शर्मा ने आरोप लगाया कि जब विद्यार्थियों के बीच संवाद और जनसमर्थन का अभाव दिखता है, तब कांग्रेस, आईवाईसी और एनएसयूआई की राजनीतिक मशीनरी छात्र राजनीति में हिंसा का सहारा लेती है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से भी अपनी छात्र और युवा इकाइयों की गतिविधियों पर जवाबदेही तय करने को कहा। उन्होंने ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी प्रकार के हिंसक दबाव के आगे नहीं झुकेगी।

शर्मा ने दिल्ली पुलिस से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करने, हमले में शामिल अन्य सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0