
नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने गुरुवार को विपक्षी दल पर आरोप लगाते हुए कहा कि नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) परिसर में अपना जनाधार खो चुकी है और अब बाहरी नेताओं के सहारे चुनावी गतिविधियां चला रही है।
डॉ सोलंकी ने दिल्ली स्थित अभाविप कार्यालय में विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव को लेकर आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक जैसे वरिष्ठ नेताओं द्वारा कक्षाओं में जाकर प्रचार करना छात्र राजनीति की मर्यादा के विपरीत है।
उन्होंने कांग्रेस की अन्य इकाइयों समेत आम आदमी पार्टी से जुड़े तत्वों की सक्रियता पर भी आपत्ति जताई।
सोलंकी ने कहा कि परिषद के कार्यकर्ता पूरे वर्ष विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहते हैं, जिसका लाभ उन्हें चुनावी समर्थन के रूप में मिल रहा है।
उन्होंने लिंगदोह समिति की सिफारिशों और न्यायालय के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय की कड़ी टिप्पणियों का स्वागत किया। उन्होंने 16 सितंबर को अभाविप कार्यकर्ताओं के साथ हुई कथित हिंसक घटना की निंदा करते हुए हमलावरों की पहचान कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।
चुनाव से ठीक एक दिन पहले अभाविप ने सभी चार प्रमुख पदों पर जीत का दावा करते हुए 4-0 से क्लीन स्वीप का भरोसा जताया है।
इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों पर छात्र राजनीति में 'बाहरी राजनीतिक हस्तक्षेप' करने का आरोप लगाया और चुनाव में हिंसा को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय की सख्त टिप्पणियों का स्वागत किया।
विश्वविद्यालय और दिल्ली पुलिस प्रशासन से 18 सितंबर को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने का आग्रह करते हुए अभाविप ने भरोसा जताया कि परिणाम पूरी तरह उनके पक्ष में रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी