कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. ईएमएस नचियप्पन के निधन पर खरगे ने जताया शोक

17 Sep 2026 15:53:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. ईएमएस नचियप्पन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनसेवा, तमिलनाडु और कांग्रेस पार्टी के प्रति नचियप्पन की लंबे समय तक रही प्रतिबद्धता को हमेशा याद किया जाएगा।

खरगे ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर शोक संदेश में कहा कि एक समर्पित कांग्रेसी के रूप में नचियप्पन ने जनसेवा के लिए लगातार काम किया। उन्होंने दिवंगत नेता के परिवार, मित्रों, सहयोगियों और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

उल्लेखनीय है कि डॉ. सुदर्शन नचियप्पन का 78 वर्ष की आयु में निधन हुआ। वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने तमिलनाडु के शिवगंगा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।

डॉ. नचियप्पन ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1969 में की थी। वे 1999 से 2004 तक तमिलनाडु की शिवगंगा लोकसभा सीट से सांसद रहे। इसके बाद वर्ष 2004 से 2016 तक राज्यसभा के सदस्य रहे।

डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में डॉ. नचियप्पन ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली थी। राजनीति के साथ-साथ वे भारत के उच्चतम न्यायालय के प्रतिष्ठित अधिवक्ता के रूप में भी सक्रिय रहे।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। वे संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में दो बार भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके थे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0