
उज्जैन, 17 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार काे विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर वरिष्ठ पुरोहित पंडित सत्यनारायण जोशी एवं अन्य विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान महाकाल की भव्य पूजा-अर्चना की गई। पंडितों ने प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु जीवन, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र कल्याण के लिए संकल्पपूर्वक अनुष्ठान कराया। इस दौरान गर्भगृह में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर रखकर तिलक लगाया गया और उनके यशस्वी व सफल कार्यकाल की मंगल कामना की गई।
विशेष पूजन के उपरांत महाकालेश्वर मंदिर में दीपोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। संपूर्ण महाकाल मंदिर परिसर को आकर्षक आतिशबाजी और रोशनी से सजाया गया है। अकेले महाकाल मंदिर प्रांगण में ही 6 से 7 लाख दीपक प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं, जिससे पूरा परिसर स्वर्णमयी आभा से चमक उठा है।
शिप्रा तट के रामघाट पर 25 लाख दीपों का नया विश्व रिकॉर्ड
इधर, मंदिर परिसर के साथ-साथ इस भव्य महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण पवित्र शिप्रा नदी के तट पर स्थित रामघाट पर देखने को मिल रहा है। रामघाट पर एक साथ लगभग 25 लाख दीपक जलाकर एक नया ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की तैयारी की गई है। शाम लगभग 7:00 बजे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव उज्जैन पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन करेंगे और इस ऐतिहासिक दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ही भव्य श्री महाकाल लोक का लोकार्पण हुआ था, जिसके बाद से उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उज्जैन में आज प्रधानमंत्री का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पूरा महाकाल परिसर और संपूर्ण अवंतिका नगरी आज आस्था, भव्यता और दीयों की जगमगाहट से आलौकिक नजर आ रही है।
महाकाल मंदिर के पुरोहित पंडित सत्यनारायण जोशी ने बताया कि आज प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर बाबा महाकाल के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना की गई है। वैदिक ऋचाओं के साथ उनके दीर्घायु होने, अच्छे स्वास्थ्य और भारत को विश्व गुरु बनाने के संकल्प के साथ हमने बाबा महाकाल का अभिषेक व पूजन किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस को यादगार बनाने के लिए मंदिर प्रशासन और नगरवासियों द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसके लिए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर