प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर कोलकाता में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के साथ जलाया दीप

17 Sep 2026 22:31:52
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के साथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी


कोलकाता, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को कोलकाता के मिलेनियम पार्क-III, फेयरली घाट में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के साथ दीप प्रज्ज्वलित किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। प्रधानमंत्री के जन्मदिन और उनकी सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पश्चिम बंगाल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के 400 से अधिक लाभार्थी शामिल हुए। इन लाभार्थियों ने भी सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना को लेकर भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के औपचारिक शुभारंभ के दौरान कहा कि राज्य के विश्वकर्मा समुदाय के लोगों को अब केंद्र की इस योजना का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी भी मौजूद थे।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीप प्रज्ज्वलन के जरिए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0