वाईआरएफ की अगली फिल्म में सारा अर्जुन की एंट्री

17 Sep 2026 18:27:53
सारा अर्जुन - फोटो सोर्स एक्स


रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' से चर्चा में आई अभिनेत्री सारा अर्जुन की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। फिल्म में यालीना जमाली के किरदार से दर्शकों का ध्यान खींचने के बाद अब उनकी अगली परियोजना को लेकर खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सारा जल्द ही निर्देशक मनीष शर्मा की अगली फिल्म में नजर आ सकती हैं। 'टाइगर 3' का निर्देशन कर चुके मनीष शर्मा की इस फिल्म में सारा के साथ अभिनेता अंबरीश वर्मा दिखाई देंगे।

सारा ने अपनी मौजूदा एजेंसी से अलग होकर यशराज फिल्म्स की वाईआरएफ टैलेंट से हाथ मिलाया है। इस एजेंसी के साथ शरवरी, अहान पांडे और अनीत पड्डा जैसे युवा कलाकार पहले से जुड़े हुए हैं। अब सारा के भी इस सूची में शामिल होने की खबर है। वहीं, अंबरीश वर्मा अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज 'सपने वर्सेस एवरीवन' में काम कर चुके हैं।

अगर यह रिपोर्ट सही साबित होती है, तो सारा अर्जुन और अंबरीश वर्मा की जोड़ी पहली बार पर्दे पर साथ नजर आएगी। दोनों कलाकार इससे पहले अलग-अलग परियोजनाओं में अपनी पहचान बना चुके हैं। सारा ने आदित्य धर की 'धुरंधर' में यालीना जमाली का किरदार निभाया है, जिसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। तमिल और मलयालम सिनेमा में भी काम कर चुकीं सारा अब हिंदी सिनेमा में अपनी जगह मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0