
निसिन, 17 सितंबर (हि.स.)। बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम एशियाई खेल-2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। बांग्लादेश और चीन के बीच गुरुवार को खेला जाने वाला क्वार्टर फाइनल मुकाबला गीले मैदान के कारण रद्द कर दिया गया।
नागोया के बाहरी इलाके में स्थित निसिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में पिछले कुछ दिनों से खराब मौसम का असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को भी मैदान गीला होने के कारण मुकाबले में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी।
मुकाबला रद्द होने के बाद बांग्लादेश को खेल की परिस्थितियों के नियम 16.10.2 (बी) के तहत सेमीफाइनल में प्रवेश मिला। इस नियम के अनुसार, बारिश या अन्य कारणों से मैच रद्द होने की स्थिति में बेहतर रैंकिंग वाली टीम अगले दौर में पहुंचती है।
निगार सुल्ताना जोटी की कप्तानी वाली बांग्लादेशी टीम अब सेमीफाइनल में भारत का सामना कर सकती है। भारत को अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला 18 सितंबर को मेजबान जापान के खिलाफ खेलना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे