दिनभर के उतार चढ़ाव के बाद सपाट स्तर पर बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 1.87 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा

17 Sep 2026 18:09:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। सेंसेक्स की वीकली एक्सपायरी के दिन घरेलू शेयर बाजार लगातार उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद सपाट स्तर पर मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद लिवालों और बिकवालों के बीच पूरे दिन खींचतान होती रही, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल भी ऊपर नीचे होती रही। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.03 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसके विपरीत निफ्टी ने 0.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

बीएसई का सेंसेक्स आज 153.83 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,182.62 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल भी ऊपर नीचे होने लगी। बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स 172.50 अंक यानी 0.23 प्रतिशत टूट कर 74,163.95 अंक के स्तर तक गिर गया।

इसके बाद लिवाली शुरू होने पर यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 513.61 अंक उछल कर 341.11 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,677.56 अंक के स्तर पर पहुंच गया। दोपहर एक बजे के बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 362.97 अंक फिसल कर 21.86 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,314.59 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 22.35 अंक यानी 0.10 प्रतिशत टूट कर 23,195.25 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक 145.95 अंक यानी 0.63 प्रतिशत उछल कर 23,363.55 अंक के स्तर तक पहुंच गया। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर इसने 23.95 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,193.65 अंक के स्तर तक गोता भी लगाया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 53 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,270.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान कैपिटल गुड्स, ऑटोमोबाइल और मेटल सेक्टर के शेयरों की लगातार खरीदारी होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से बीएसई का कैपिटल गुड्स इंडेक्स 1.96 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह बीएसई मेटल इंडेक्स भी 1.12 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो इंडेक्स 0.99 प्रतिशत की बढ़त बनाने में सफल रहे। इसके अलावा रियल्टी, आईटी, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए।

दूसरी ओर, बैंकिंग और ऑयल ऐंड गैस सेक्टर के शेयरों कि आज लगातार बिकवाली होती रही। निफ्टी का बैंक इंडेक्स आज 0.42 प्रतिशत की कमजोरी का शिकार हो गया। इसी तरह बीएसई के ऑयल एंड गैस इंडेक्स ने 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया। ब्रॉडर मार्केट में आज खरीदारी का रुख बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.92 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में आई तेजी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पौने दो लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 476.11 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 474.24 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.87 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,535 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,686 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,642 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 207 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,234 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,071 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,163 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर बढ़त के साथ, नौ शेयर गिरावट के साथ और एक शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 36 शेयर हरे निशान में और 14 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचडीएफसी लाइफ 5.05 प्रतिशत, टीएमपीवी 4.49 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 4.06 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 3.07 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 2.51 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, ओएनजीसी 1.85 प्रतिशत, टाइटन कंपनी 1.38 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 1.18 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.01 प्रतिशत और कोल इंडिया 1.01 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0