(अपडेट) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ ने किया बाबा विश्वनाथ का विशेष पूजन

17 Sep 2026 14:43:53
मंदिर में पूजा अर्चना करते रक्षामंत्री व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री योगी बाबा विश्वनाथ के दरबार में


- प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना- पुरोहितों-आचार्यों और स्वच्छताकर्मियों का सम्मान- श्रद्धालुओं में 76 किलो लड्डू बांटे

वाराणसी, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ का विशेष अनुष्ठान एवं दर्शन-पूजन किया। दोनों नेताओं ने जलाभिषेक और आरती कर बाबा के चरणों में श्रद्धा निवेदित की तथा प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन के साथ देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

पुरोहितों, आचार्यों और स्वच्छताकर्मियों का सम्मान

प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ धाम में पुरोहितों एवं आचार्यों का सम्मान किया। वाराणसी से वडनगर तक प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प यात्रा’ से जुड़े बाइकर्स के साथ संवाद भी किया गया।

इसके बाद धाम में अपनी सेवाएं दे रहे स्वच्छता प्रहरियों को सम्मानित किया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच मिष्ठान का वितरण भी किया गया। इसके लिए 19-19 किलो के चार लड्डू तैयार किए गए थे, जिनका कुल वजन 76 किलो था। लड्डू के केक को काटकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उपस्थित लोगों में वितरित किया।

‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के लिए प्रार्थना : राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन है। इस अवसर पर सभी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री के दीर्घायु और आजीवन स्वस्थ रहने की प्रार्थना के साथ भारत को विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचाने की भी कामना की गई।

लंबे समय तक भारत का नेतृत्व करें प्रधानमंत्री : योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रक्षा मंत्री, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष समेत वरिष्ठ नेताओं ने बाबा विश्वनाथ के धाम में विशेष पूजा-अनुष्ठान किया और बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री लंबे समय तक भारत का नेतृत्व करें, ताकि देशवासी उनके नेतृत्व में आत्मनिर्भर, सुरक्षित और विकसित भारत की संकल्पना को साकार होते देखें।

कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, खजुराहो के सांसद विष्णुदत्त शर्मा, उत्तर प्रदेश के सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर और वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0