
देहरादून, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में खराब मौसम के बीच पर्वतीय जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की गई है। केदारनाथ धाम और यात्रा मार्ग पर गुरुवार सुबह कई स्थानों पर बारिश हुई। खराब मौसम के कारण केदारनाथ धाम में हेली सेवाएं फिलहाल बंद कर दी गई हैं।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार सुबह 9:20 बजे तक रुद्रप्रयाग में हल्की से मध्यम, ऊखीमठ में हल्की और जखोली में तेज बारिश दर्ज की गई। केदारनाथ धाम में हल्की, लिनचोली में हल्की से मध्यम तथा भीमबली और सोनप्रयाग में हल्की बारिश हुई। गौरीकुंड में बादल छाए रहे।
जिला प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर तैनात सेक्टर अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में यात्रियों को आगे नहीं बढ़ने देने तथा निकटवर्ती सुरक्षित स्थानों या होल्डिंग एरिया में रोकने को कहा गया है। प्राकृतिक आपदा, दुर्घटना, मार्ग अवरुद्ध होने अथवा अन्य क्षति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र को देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के देहरादून केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राज्य के शेष जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की चेतावनी जारी की है। देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश या गरज के साथ एक-दो दौर की बौछार होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से कम से सामान्य से काफी अधिक रहा। बुधवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच पंतनगर में 33.8 मिलीमीटर, उत्तरकाशी और पुरोला में 10-10 मिलीमीटर तथा धारचूला में आठ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। स्वचालित मौसम केंद्रों में हाथीबड़कला में 39, पंतनगर में 36.5, सहस्रधारा में 34.5 और मालदेवता में 24 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय