औली में भारत-अमेरिका सेना का संयुक्त प्रशिक्षण, बिल्डिंग क्लियरेंस और रूम इंटरवेंशन का अभ्यास

17 Sep 2026 16:05:53
औली में चल रहे ‘युद्ध अभ्यास-2026’ के दौरान भारतीय और अमेरिकी सेना के जवान  युद्धाभ्यास करते।


देहरादून, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के औली में चल रहे ‘युद्ध अभ्यास-2026’ के दौरान भारतीय और अमेरिकी सेना के जवानों ने आतंकवाद-रोधी अभियानों के तहत संयुक्त प्रशिक्षण किया। इस दौरान दोनों सेनाओं के जवानों ने बिल्डिंग क्लियरेंस और रूम इंटरवेंशन ड्रिल का अभ्यास किया।

अभ्यास में आमने-सामने की लड़ाई जैसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हमलावर टीमों ने ड्रोन, रोबोटिक डॉग, डॉग स्क्वाड और स्नाइपर की सहायता से कार्रवाई का प्रदर्शन किया। इससे आतंकवाद-रोधी अभियानों में प्रशिक्षित जवानों और आधुनिक तकनीक के समन्वित उपयोग की क्षमता प्रदर्शित हुई।

अमेरिकी सेना के जवानों ने अभ्यास में शामिल भारतीय सैनिकों से संवाद किया और विभिन्न उपकरणों का अवलोकन किया। उन्होंने अभ्यास के दौरान प्रदर्शित क्षमताओं और तकनीकों को समझा।

संयुक्त प्रशिक्षण के दौरान दोनों सेनाओं के बीच पेशेवर जानकारी का आदान-प्रदान हुआ। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे अभ्यासों से दोनों सेनाओं के बीच रणनीतिक समझ, आपसी समन्वय और साथ मिलकर काम करने की क्षमता को मजबूती मिलती है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0