
इंदौर, 18 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार, 19 सितंबर को हो रहे कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देवोश्री मुखर्जी नाम की एक युवती दिल्ली से इंदौर पहुंची है। युवती ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी से शादी करने की इच्छा जताई है।
शुक्रवार को इंदौर पहुंची देवोश्री ने कहा कि अगर अभिनेत्री कैटरीना कैफ राहुल गांधी को डेट करना चाहती थीं, तो एक आम लड़की भी उनसे शादी की इच्छा रख सकती है। देवोश्री ने कहा कि राहुल गांधी जिन मुद्दों को लेकर बात करते हैं, उनका युवाओं पर प्रभाव पड़ता है। इसी वजह से वह उन्हें सुनने के लिए दिल्ली से इंदौर पहुंची है। वह चाहती है कि राहुल गांधी की शादी उससे हो।
युवती ने दावा किया कि राहुल गांधी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में युवा और छात्र कार्यक्रम में पहुंचेंगे। उसने यह भी कहा कि कई लड़कियां राहुल गांधी को खुले मंच से प्रपोज करना चाहती हैं। हालांकि, मंच से प्रपोज करने को लेकर युवती की बात उसके व्यक्तिगत विचार और दावे के तौर पर सामने आई है। कार्यक्रम के दौरान वास्तव में ऐसी कोई स्थिति बनती है या नहीं, यह आयोजन के समय ही स्पष्ट होगा।
राघव चैतन्य की प्रस्तुति भी होगी
कार्यक्रम में राहुल गांधी के संवाद के साथ सिंगर राघव चैतन्य की प्रस्तुति भी होगी। इसे लेकर भी युवाओं में उत्साह है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल होने की तैयारी में हैं। कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क स्थित मैदान को कांग्रेस ने भारत जोड़ो ग्राउंड नाम दिया है। इसी मैदान पर राहुल गांधी युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से बड़ी संख्या में युवाओं के जुटने का दावा किया जा रहा है।
राहुल गांधी ने इंदौरवासियों से पूछा- कल क्या खिला रहे हैं?
इसी बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर शुक्रवार को इंदौर के लोगों से पूछा है कि ‘कल क्या खिला रहे हैं, - पोहा, जलेबी या कुछ और?’ पोस्ट पर लोगों ने दाल-बाटी, इंदौरी सेव और सेव-मिक्सचर समेत कई जवाब दिए। राहुल गांधी इंदौर के भारत जोड़ो ग्राउंड में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
दोपहर 2 बजे इंदौर पहुंचेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी शनिवार दोपहर 2 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे होटल रेडिसन पहुंचेंगे। शाम 6 बजे होटल से रवाना होकर 6:45 बजे रीजनल पार्क स्थित सभा स्थल पहुंचने का कार्यक्रम है। रात 9 बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर