अपर त्रिशूली-1 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के टनल से 6 शव बरामद, 492 लोग अब भी लापता

18 Sep 2026 15:39:53
हाइड्रोपावर के टनल से शव बरामद


काठमांडू, 18 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के भोटेकोसी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद ऊपरी त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना के टनल से छह शव बरामद किए गए हैं। परियोजना से 492 लोग अब भी लापता हैं, जबकि 936 लोग संपर्क में आ चुके हैं।

नेपाली सेना के अनुसार 26 अगस्त को भोटेकोसी में आई बाढ़ के बाद परियोजना से संपर्कविहीन लोगों की तलाश के दौरान ये शव मिले। संयुक्त बचाव दल ने ऑडिट-3 टनल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान टनल में कंक्रीट ढलाई के लिए तैयार की गई लोहे की छड़ों की जाली के अंदर फंसी अवस्था में छह शव मिले। सेना के अनुसार ग्राइंडर, गैस कटर और रोटरी रेस्क्यू उपकरणों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया। टनल के अंदर कीचड़ में ढकी हुई कुछ अन्य आकृतियां भी शव जैसी दिखाई दी हैं, जिसके बाद उस इलाके में तलाशी अभियान जारी है।

बाढ़ के बाद अपर त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना से सबसे अधिक लोग संपर्कविहीन हुए हैं। शुक्रवार तक के आंकड़ों के अनुसार, परियोजना से 492 लोग अब भी संपर्कविहीन हैं, जबकि 936 लोग संपर्क में आ चुके हैं। बाढ़ आने के समय इस परियोजना में कुल 1,433 कर्मचारी और श्रमिक कार्यरत थे। यह जलविद्युत परियोजना दक्षिण कोरियाई निवेश से निर्माणाधीन है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0